विज्ञापन

शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर 'किंग' से जुड़ी ये बड़ी 6 बातें आईं सामने, फिल्म में है करीना कपूर का दिलचस्प कनेक्शन

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज, 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर दुनियाभर में उनके प्रशंसक अपने चहेते सितारे को बधाइयां दे रहे हैं.

शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर 'किंग' से जुड़ी ये बड़ी 6 बातें आईं सामने, फिल्म में है करीना कपूर का दिलचस्प कनेक्शन
शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर 'किंग' से जुड़ी ये बड़ी 6 बातें आईं सामने
NDTV

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज, 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर दुनियाभर में उनके प्रशंसक अपने चहेते सितारे को बधाइयां दे रहे हैं. शाहरुख ने अपने लंबे फिल्मी सफर में कई यादगार किरदार निभाए हैं और आज भी बड़े पर्दे पर उनकी मौजूदगी का जादू बरकरार है. वहीं, उनके जन्मदिन के बीच उनकी अगली फिल्म ‘किंग' को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. ‘डंकी' के बाद शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका भव्य स्तर, शानदार कलाकारों की टोली और शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी है. आइए जानते हैं फिल्म ‘किंग' से जुड़ी छह अहम बातें.

1. पहली बार पिता शाहरुख के साथ नजर आएंगी सुहाना

‘किंग' शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान की पहली फिल्म है, जिसमें दोनों एक साथ अभिनय करते दिखाई देंगे. सुहाना ने जोया अख्तर की फिल्म ‘द आर्चीज' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. अब पहली बार उन्हें अपने पिता के साथ बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा. यही वजह है कि यह फिल्म खान परिवार के साथ-साथ उनके प्रशंसकों के लिए भी खास है.

2. दीपिका पादुकोण के साथ फिर जमेगी शाहरुख की जोड़ी

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. दोनों इससे पहले ‘ओम शांति ओम', ‘चेन्नई एक्सप्रेस', ‘हैप्पी न्यू ईयर', ‘पठान' और ‘जवान' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. इनकी लोकप्रिय जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने का इंतजार है. फिल्म के गाने ‘तू मिल जाए' की झलक ने भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाई है.

3. करीब 15 साल बाद करीना कपूर के साथ शाहरुख का मिलन

फिल्म में एक और दिलचस्प बात शाहरुख खान और करीना कपूर खान का दोबारा साथ आना है. दोनों आखिरी बार फिल्म ‘रा.वन' में साथ नजर आए थे. खबरों के मुताबिक, दोनों ने मुंबई में फिल्म के लिए एक खास इंट्रोडक्टरी गाने की शूटिंग की है. इस गाने में फिल्म की कई कलाकारों के शामिल होने की बात कही जा रही है. इसका अंदाज ‘ओम शांति ओम' के मशहूर गाने ‘दीवानगी दीवानगी' जैसा बताया जा रहा है.

4. विलेन के किरदार में दिखेंगे अभिषेक बच्चन

‘किंग' में अभिषेक बच्चन की मौजूदगी भी फिल्म को खास बनाती है. खबरों के मुताबिक, अभिषेक फिल्म में शाहरुख खान के सामने खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं. इनके अलावा फिल्म में अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, रानी मुखर्जी, राघव जुयाल, जयदीप अहलावत और अभय वर्मा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. इतने बड़े कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं.

5. करीब 450 करोड़ रुपये का बजट, कई देशों में हुई शूटिंग

‘पठान' और ‘जवान' के बाद शाहरुख खान एक बार फिर बड़े स्तर की एक्शन फिल्म लेकर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 450 करोड़ रुपये के बजट में बन रही ‘किंग' उनके करियर की अब तक की सबसे महंगी फिल्म हो सकती है.

फिल्म की शूटिंग मई 2025 में शुरू हुई थी और इसके लिए 150 से ज्यादा दिनों तक शूटिंग किए जाने की खबर है. बड़े एक्शन दृश्यों को फिल्माने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्टंट टीमों की मदद भी ली गई है. फिल्म की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन के अलावा पोलैंड, जॉर्जिया और मुंबई में हुई है.

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का रोमांटिक गाना ‘तू मिल जाए' भी केपटाउन की खूबसूरत लोकेशंस पर फिल्माया गया है. इसके लिए कैंप्स बे, मेडेन कोव और वी एंड ए वॉटरफ्रंट जैसी जगहों को चुना गया.

6. कब रिलीज होगी शाहरुख खान की ‘किंग'?

शाहरुख खान की इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा नवंबर 2024 में की गई थी. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

शाहरुख और सुहाना की पहली फिल्म, दीपिका और करीना के साथ उनकी वापसी, अभिषेक बच्चन का विलेन वाला अंदाज और बड़े पैमाने पर तैयार किया गया एक्शन इस फिल्म को खास बना रहे हैं. ऐसे में साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में ‘किंग' का नाम शामिल होना लाजिमी है.

यह भी पढ़ें | शाहरुख खान की 'किंग' मूवी ने रिलीज से 50 दिन पहले कमाए 800 करोड़, जानें पूरा गणित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Rukh Khan, Shah Rukh Khan Birthday, King, King Movie, Kareena Kapoor Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com