विज्ञापन

Eetha Trailer: नौवारी साड़ी, भारी गहने और बेबाक तेवर, 'ईठा' बन श्रद्धा कपूर ने जीता दिल

'स्त्री 2' के बाद श्रद्धा कपूर अब 'ईठा' बनकर बड़े पर्दे पर छाने के लिए तैयार हैं. सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस म्यूजिकल ड्रामा में वह एक ऐसी लोककलाकार की भूमिका निभा रही हैं, जिसने संघर्षों को मात देकर अपनी पहचान बनाई.

Eetha Trailer: नौवारी साड़ी, भारी गहने और बेबाक तेवर, 'ईठा' बन श्रद्धा कपूर ने जीता दिल
श्रद्धा कपूर की फिल्म ईठा का ट्रेलर रिलीज

श्रद्धा कपूर एक बार फिर अपने नए किरदार से दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स ने अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. इसमें श्रद्धा एक ऐसी कलाकार के रूप में नजर आ रही हैं, जिसने अपनी कला को पहचान दिलाने के लिए कई मुश्किलों का सामना किया. सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह म्यूजिकल ड्रामा मशहूर तमाशा कलाकार ईथा बाई के संघर्ष, महत्वाकांक्षा और सफलता की कहानी को पर्दे पर उतारता है. ट्रेलर में पुराने दौर की रंगीन दुनिया, शानदार मंचीय प्रस्तुतियां और भावनाओं से भरे कई दिलचस्प पल देखने को मिलते हैं.

'स्त्री 2' के बाद श्रद्धा कपूर का यह नया अवतार उनके प्रशंसकों के लिए काफी खास है. अभिनेत्री ने ईठा बाई के किरदार में पारंपरिक पहनावे, भारी गहनों और आत्मविश्वास से भरे अंदाज के साथ अपनी अलग छाप छोड़ी है. उनके हाव-भाव और संवाद अदायगी में किरदार की बेबाकी साफ नजर आती है. ट्रेलर से यह भी समझ आता है कि ईठा बाई ऐसी महिला थीं, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने से पीछे नहीं हटती थीं. श्रद्धा का यह ट्रांसफॉर्मेशन फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ाता है.

ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली क्षण वह है, जब श्रद्धा कहती हैं, "यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है." यह डायलॉग नौवारी साड़ी के महत्व को एक अलग भावनात्मक अर्थ देता है. ईठा बाई के लिए यह साड़ी सिर्फ पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि उनकी पहचान, संस्कृति और आत्मसम्मान का प्रतीक है. इस एक संवाद के जरिए फिल्म महिला के स्वाभिमान और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के भाव को खूबसूरती से सामने लाती है.

फिल्म की कहानी को भव्य बनाने में इसके प्रोडक्शन डिजाइन और विजुअल्स का भी अहम योगदान दिखाई देता है. पारंपरिक तमाशा मंच, रंगीन सजावट, कलाकारों की भीड़ और पुराने समय की वेशभूषा दर्शकों को उस दौर की सैर कराते हैं. फिल्म में मंच केवल मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि ईठा बाई के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और समाज में सम्मान हासिल करने का जरिया भी बनता है.

संगीत और डांस इस फिल्म की जान होने वाले हैं. अजय-अतुल ने फिल्म का संगीत तैयार किया है, जबकि वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है. लावणी और पारंपरिक लोक संगीत की झलक के साथ फिल्म में कई आकर्षक डांस सीक्वेंस देखने को मिलेंगे. श्रद्धा का पारंपरिक लुक और उनके भावपूर्ण डांस मूव्स इन दृश्यों को और खास बनाते हैं. वहीं, रणदीप हुड्डा भी अपने अलग लुक में नजर आ रहे हैं. उनके साथ मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी फिल्म का हिस्सा हैं.

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' का निर्माण दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले तैयार यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. श्रद्धा कपूर का नया अंदाज, लोककला की खूबसूरत दुनिया और एक महिला के संघर्ष की प्रेरक कहानी 'ईठा' को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा रही है.

ये भी पढ़ें: चांद के इंतजार में हर सुहागिन गा रही 27 साल पुराना ये गाना, अलका-उदित ने 90s में बनाया था सुपरहिट, आज फिर बना लेडीज की पहली पसंद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shraddha Kapoor, Eetha, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com