‘महाभारत' में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण' को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने फिल्म में रावण को हीरो और भगवान राम को कमजोर इंसान की तरह दिखाने पर नाराजगी जताई है. इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म की फंडिंग को लेकर भी शक जाहिर किया है और सरकार से इसके पीछे के पैसों की जांच कराने की मांग की है. NDTV से खास बातचीत में रामायण फिल्म को लेकर अपनी राय रखी. क्या कहा उन्होंने चलिए आपको बताते हैं.
रामायण के नाम पर कोई एजेंडा तो नहीं चला रहा?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1' बड़े बजट और भव्यता को लेकर चर्चा में है. लेकिन फिल्म देखने के बाद नीतीश भारद्वाज का नजरिया पूरी तरह बदल गया. उन्होंने NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा कि शुरुआत में उन्हें फिल्म का ट्रेलर पसंद आया था. यहां तक कि उन्होंने इसके ऑस्कर जीतने की भविष्यवाणी भी कर दी थी. उन्हें निर्देशक नितेश तिवारी, एआर रहमान के संगीत और फिल्म के पीछे लगे करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट पर भरोसा था. लेकिन फिल्म देखने के बाद उन्होंने अपनी तारीफ वापस ले ली. उनका कहना है कि फिल्म में रावण को बेहद उदार, न्यायप्रिय और अच्छा शासक दिखाया गया है, जबकि भगवान राम के चरित्र को कमजोर कर दिया गया है. उन्होंने इसे एक एजेंडा फिल्म जैसा बताया.
रावण को हीरो बनाने के पीछे क्या मकसद?
नीतीश भारद्वाज ने सवाल उठाया कि अगर रावण इतना ही बुद्धिमान, न्यायप्रिय और अच्छा राजा था, तो फिर भगवान विष्णु के राम अवतार लेने की जरूरत ही क्या थी? उनके मुताबिक, फिल्म ने अवतार की पूरी अवधारणा को ही कमजोर कर दिया है. उन्होंने कहा कि भगवान राम केवल एक सामान्य इंसान नहीं, बल्कि मर्यादा और वचन के प्रतीक हैं. वहीं, फिल्म में रावण के नकारात्मक पहलुओं को पर्याप्त जगह नहीं दी गई. उन्होंने आशंका जताई कि युवा पीढ़ी, जो रामायण नहीं पढ़ती, अगले दो साल तक रावण को ही अपना हीरो समझ सकती है.
विदेशों से आए पैसों की जांच क्यों नहीं?
इस पूरे मामले में नीतीश भारद्वाज का सबसे गंभीर सवाल फिल्म की फंडिंग को लेकर है. उन्होंने दावा किया कि प्रोडक्शन कंपनी में लक्जमबर्ग, यूएई और सिंगापुर से पैसा आया है. उन्होंने सरकार से इस पूरे मनी ट्रेल की जांच कराने की मांग की. भारद्वाज ने सवाल उठाया कि कहीं भारतीय सभ्यता और संस्कृति को प्रभावित करने के लिए सिनेमा का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा? हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्हें नहीं पता कि इसके पीछे कौन लोग हैं और इसकी जांच सरकार को करनी चाहिए. उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार इस मुद्दे पर चुप क्यों है? क्या बॉलीवुड में इस तरह इस्लाम या ईसाई धर्म को लेकर फिल्म बनाई जा सकती है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं