कश्मीर भारत की बेहद खूबसूरत जगहों में से एक है. यहां पर हर साल कई लोग घूमने के लिए जाते हैं. फिल्मों के माध्यम से भी जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती कई बार देखने को मिली है. फिल्मी सितारे भी कश्मीर में हर साल घूमने जाते हैं, लेकिन बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान लंबे समय तक कभी कश्मीर घूमने नहीं गए थे. लेकिन एक फिल्म उन्हें कश्मीर तक ले गई. यह बात खुद शाहरुख खान ने कही है. किंग खान ने एक बार ‘कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर अमिताभ बच्चन के सामने अपनी जिंदगी का बहुत निजी और भावुक किस्सा शेयर किया था.
पिता ने किया था वादा
शाहरुख ने बताया कि उन्होंने दुनिया के कई कोने घूम लिए, लेकिन कश्मीर कभी नहीं गए. इसकी वजह उनके पिता से जुड़ी एक खास बात थी. शाहरुख खान ने बताया कि उनके पिता की मां कश्मीरी थीं. पिता ने उनसे कहा था कि जिंदगी में कुछ खास जगहें जरूर देखना. इनमें इस्तानबुल, इटली, रोम और कश्मीर शामिल थे. लेकिन कश्मीर को लेकर एक शर्त थी. शाहरुख ने अमिताभ बच्चन से कहा, 'मेरे पिता ने मुझसे कहा था कि कश्मीर को मेरे बिना मत देखना.'
इस फिल्म की शूटिंग पर गए कश्मीर
दुर्भाग्य से शाहरुख के पिता का बहुत जल्दी निधन हो गया. इसके बाद शाहरुख ने दुनिया भर का सफर किया, लेकिन कश्मीर जाने से खुद को रोकते रहे. कई बार परिवार वहां घूमने गया, कई बार काम के सिलसिले में न्योता आया, लेकिन उन्होंने हमेशा मना कर दिया. उनके मन में पिता की वो बात गहरी बैठी हुई थी. फिर सालों बाद फिल्ममेकर यश चोपड़ा ने शाहरुख खान को अपनी फिल्म ‘जब तक है जान' में लीड रोल दिया. इस फिल्म की शूटिंग कश्मीर में हुई.
पिता का अधूरा सपना किया पूरा
यश चोपड़ा ने शाहरुख को सिर्फ काम के लिए नहीं, बल्कि वहां घूमने और एक्सप्लोर करने की भी आजादी दी. इस तरह शाहरुख पहली बार कश्मीर पहुंचे. उनके लिए यह सिर्फ शूटिंग नहीं, बल्कि पिता के साथ अधूरा रह गया सपना पूरा करने जैसा था. आपको बता दें कि फिल्म ‘जब तक है जान' साल 2012 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ मुख्य भूमिका में थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं