रामायणम की पूरी स्टारकास्ट सुर्खियों में छाई रही है. लेकिन सबसे ज्यादा नजरें जिस पर टिकी वो हैं यश. जो रामायणम में रावण बने हैं. उनका ऑरा इतना जबरदस्त दिख रहा है कि लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे. कभी सिर्फ साउथ इंडियन फिल्मों के सितारे रहे यश ने शाहरूख खान जैसे सुपरस्टार को मात देकर पैन इंडिया पहचान बनाई है. उनकी फिल्म ने किंग खान की बड़ी मूवी को ऐसी टक्कर दी कि शाहरुख खान की फिल्म तो फ्लॉप हुई ही यश की स्मॉल बजट मूवी का तहलका भी सब तरफ मच गया.
जब किंग खान से भिड़े थे यश
21 दिसंबर 2018... बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों की सीधी भिड़ंत हुई. एक तरफ थे शाहरुख खान, जिनकी 'जीरो' को लेकर जबरदस्त बज था. फिल्म में अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ जैसी बड़ी स्टारकास्ट थी. मेकर्स को भरोसा था कि ये फिल्म साल की सबसे बड़ी हिट साबित होगी. दूसरी तरफ थी कन्नड़ फिल्म 'केजीएफ चैप्टर 1'. यश उस समय पूरे देश में उतने बड़े स्टार नहीं थे. फिल्म का बजट भी जीरो के मुकाबले काफी कम था और हिंदी बेल्ट में इसे सीमित स्क्रीन मिली थीं. ज्यादातर लोगों को लग रहा था कि मुकाबला एकतरफा रहेगा. लेकिन रिलीज के बाद कहानी पूरी तरह बदल गई. जैसे-जैसे लोगों ने केजीएफ देखी, वैसे-वैसे इसकी चर्चा आग की तरह फैलने लगी. रॉकी भाई का स्वैग, दमदार एक्शन और जबरदस्त डायलॉग्स ने दर्शकों को सीटियां बजाने पर मजबूर कर दिया. वहीं जीरो की कहानी दर्शकों को खास पसंद नहीं आई और फिल्म को निगेटिव वर्ड ऑफ माउथ का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: रामायणम् में राम और रावण का ऐज गेप कर देगा शॉक्ड, क्या मेकर्स कर गए ये बड़ी चूक
कम बजट की फिल्म ने किया बड़ा धमाका
जिस फिल्म को अंडरडॉग माना जा रहा था, वही आखिर में सबसे बड़ी विनर बन गई. 'केजीएफ चैप्टर 1' ने दुनियाभर में करीब 238 करोड़ रुपये का कारोबार किया. दूसरी ओर, बड़े बजट और बड़े स्टार्स से सजी 'जीरो' लगभग 178 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर सिमट गई और बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. केजीएफ की कामयाबी ने यश को रातोंरात पैन इंडिया स्टार बना दिया. इसके बाद 'केजीएफ चैप्टर 2' ने भी रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़े और यश देश के सबसे बड़े सितारों की लिस्ट में शामिल हो गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं