ओम शांति ओम 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म की डायरेक्टर डांस डायरेक्टर फराह खान थी. इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण लीड रोल में थे. वहीं श्रेयस तलपड़े, अर्जुन रामपाल और किरन खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखे थे. अर्जुन रामपाल फिल्म में विलेन थे. फिल्म में बॉलीवुड के कई अन्य सितारें भी नजर आए थे. फराह खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' का गाना 'दीवानगी' भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे ज्यादा स्टार्स वाला गाना है. फिल्म के लीड एक्टर शाहरुख खान समेत 30 से ज्यादा बड़े स्टार्स फिल्म में दिखे थे. डायरेक्टर ने एक बातचीत में इस बारे में बताया था कि सेट पर एक पुराने जमाने के स्टार ने सारी लाइमलाइट चुरा ली थी.'दीवानगी दीवानगी' गाने में बॉलीवुड के कुल 32 स्टार्स शामिल थे. एक समय इस एक्टर का क्रेज इतना ज़्यादा था कि जब वे शूटिंग के लिए सेट पर आए, तो भगदड़ मच गई और उन्हें देखकर एक महिला बेहोश भी हो गई.
फिल्म के सेट पर क्या हुआ था?
यह घटना तब हुई, जब मिथुन चक्रवर्ती फिल्म 'ओम शांति ओम' के गाने 'दीवानगी दीवानगी' की शूटिंग के लिए आए थे. डायरेक्टर फराह खान ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में बताया कि सेट पर क्या हुआ था. इस व्लॉग में वे मिथुन के मुंबई स्थित घर पर उनसे मिलने गई थीं.व्लॉग में फराह, मिथुन चक्रवर्ती और उनके बेटों के साथ बातचीत करती नजर आईं. 'ओम शांति ओम' की शूटिंग के दौरान हुई घटना को याद करते हुए फराह ने बताया, बहुत सारे एक्टर्स आए थे, 32 एक्टर्स आए थे, लेकिन जब 'दादा' आए, तो मैं आपको बता नहीं सकती कि कैसी भगदड़ मच गई थी... और यह 'डांस इंडिया डांस' से पहले की बात है. हमने गाने में दिखाया था कि एक महिला बेहोश हो जाती है, जो असल में पहले हो चुका था. इसीलिए हमने इसे गाने में शामिल किया. यहां तक कि लाइटमैन भी उनसे मिलने के लिए अपनी जगह से कूद पड़ा और इतनी अफरातफरी मच गई... मैं और शाहरुख सोच रहे थे, 'क्या हो गया.'
जब शाहरुख खान डांस स्टेप्स को फॉलो नहीं कर पाए
फराह ने आगे बताया कि उस सीन के दौरान उन्होंने शाहरुख से कहा कि वे बस उन्हीं स्टेप्स को फॉलो करें जो मिथुन दा उन्हें दिखा रहे थे. उन्होंने कहा, "वे उन्हें फॉलो नहीं कर पा रहे थे, इसलिए मिथुन दा ने उनके सिर पर हल्के से थप्पड़ (टपली) मारना शुरू कर दिया और हमने उस शॉट को फिल्म में रखा है!" दिग्गज एक्टर ने याद किया कि सेट पर बहुत सारे स्टार्स थे और 'ओम शांति ओम' के उस गाने का हिस्सा बनना एक शानदार अनुभव था.
गाने के बारे में
'दीवानगी दीवानगी' फराह की दूसरी डायरेक्टोरियल फिल्म 'ओम शांति ओम' का एक खास गाना था. इस गाने को शान, उदित नारायण, श्रेया घोषाल, सुनिधि चौहान और राहुल सक्सेना ने अपनी आवाज दी. वहीं संगीत विशाल-शेखर की जोड़ी ने तैयार किया था और इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे. इस गाने का निर्देशन और कोरियोग्राफी फराह खान ने किया था. इस गाने में शाहरुख के साथ धर्मेंद्र, जितेंद्र, सलमान खान, सैफ अली खान, संजय दत्त, मिथुन चक्रवर्ती, काजोल, रानी मुखर्जी, प्रियंका चोपड़ा, रेखा, तब्बू, करिश्मा कपूर और जूही चावला समेत कई स्टार्स शामिल थे. इस गाने में कुल 32 स्टार्स ने हिस्सा लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं