बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रानी मुखर्जी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां कृष्णा मुखर्जी का निधन हो गया है. वह 75 साल की थीं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कृष्णा मुखर्जी का निधन मंगलवार 22 सितंबर दोपहर को हुआ है. उनके निधन की जानकारी यशराज फिल्म्स की टीम की ओर से दी गई है. कृष्णा मुखर्जी हिंदी सिनेमा की मशहूर सिंगर थीं. उन्होंने कई फिल्मों में गाने गए थे. यशराज फिल्म्स ने मंगलवार, 22 सितंबर को एक बयान जारी किया. परिवार ने इस दुख की घड़ी में प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध किया है. उनकी मौत की वजह अभी तक नहीं बताई गई है.

यशराज फिल्म्स का बयान
यशराज फिल्म्स के बयान में कहा गया, 'भारी मन से हम यह जानकारी दे रहे हैं कि रानी मुखर्जी की मां, 75 वर्षीय श्रीमती कृष्णा मुखर्जी का आज दोपहर निधन हो गया. परिवार आपके प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए बहुत आभारी है और इस गहरे दुख के समय में सम्मानपूर्वक प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध करता है.' कृष्णा मुखर्जी को कई सालों तक कई पब्लिक इवेंट्स में रानी मुखर्जी के साथ देखा गया था और लोग उन्हें अच्छी तरह जानते थे.रानी अक्सर अपनी मां के साथ अपने करीबी रिश्ते के बारे में बात करती रही हैं. कृष्णा मुखर्जी बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ी थीं और उन्होंने प्लेबैक सिंगर के तौर पर काम किया था.
निर्माता राम मुखर्जी से हुई कृष्णा मुखर्जी की शादी
कृष्णा मुखर्जी की शादी मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता राम मुखर्जी से हुई थी. राम मुखर्जी 'फिल्मालय स्टूडियो' के संस्थापक शशधर मुखर्जी के परिवार से ताल्लुक रखते थे. राम मुखर्जी का 2017 में निधन हो गया था. दंपति के दो बच्चे हैं- बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर-प्रोड्यूसर राजा मुखर्जी. रानी मुखर्जी अपनी मां कृष्णा मुखर्जी के बहुत करीब रही हैं और कई मौकों पर उनके साथ नजर भी आईं हैं. मां-बेटी के बीच काफी करीबी रिश्ता था, जिसका जिक्र रानी ने कई बार किया था.
मां के करीब थी रानी मुखर्जी
रानी मुखर्जी ने एक इंटरव्यू में अपने जन्म का किस्सा भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि रानी मुखर्जी के जन्म के बाद गलती से रानी को किसी दूसरे (पंजाबी) परिवार के बच्चे के साथ बदल दिया गया था. तब कृष्णा मुखर्जी ने ही अपनी पहचान (बेटी की आंखें भूरी हैं) के आधार पर असली बेटी को वापस ढूंढा था.
रानी ने 'गुलाम', 'कुछ कुछ होता है', 'साथिया', 'हम तुम' और 'ब्लैक' जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा की लीडिंग एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पहचान बनाई. उनकी सबसे हालिया रिलीज 'मर्दानी 3' है, जो 2026 में थिएटर्स में आई थी. मर्दानी फ्रेंजाइजी से अभिनेत्री ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं