राजेश खन्ना ने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी, उनका अंदाज और ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आती थी. सिर्फ फिल्में ही नहीं बल्कि आज भी उनके कई गाने हैं जो लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल रहते हैं. बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में होती हैं जिनकी कहानी तो दर्शकों को नहीं पसंद आती है. लेकिन उसके गाने सदाबहार हो जाते हैं. राजेश खन्ना के करियर में भी एक ऐसी ही फिल्म है जो बॉक्स ऑफिस पर तो कोई कमाल नहीं कर पाई लेकिन उसका गाना इतना हिट हुआ, कि कई सालों तक लगा कि ये किसी सुपरहिट फिल्म का ही गाना है. आइए जानते हैं राजेश खन्ना की इस फ्लॉप फिल्म के सुपरहिट गाने के बारे में.
50 साल पुरानी फिल्म का हिट गाना
राजेश खन्ना के करियर में कई ऐसी फिल्में हैं, जिनकी पहचान आज भी उनके गानों की वजह से होती है. जिसमें से एक है साल 1976 में आई फिल्म 'महबूबा'. इस फिल्म में राजेश खन्ना और हेमा मालिनी की जोड़ी नजर आई थी. इसका डायरेक्शन शक्ति सामंत ने किया था. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खासा कमाल नहीं कर पाई थी. लेकिन इसके बावजूद भी इसका गाना 'मेरे नैना सावन भादों' आज भी लोगों की जुबान पर बना हुआ है. किशोर कुमार की दर्दभरी आवाज, आनंद बख्शी के बोल और आर.डी. बर्मन के संगीत ने इस गाने को ऐसा बनाया कि इसकी सक्सेस के आगे फिल्म का फ्लॉप होना छुप गया और गाना अमर हो गया.
क्या थी फिल्म का कहानी
फिल्म महबूबा की कहानी की बात करें तो, शक्ति सामंत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजेश खन्ना ने सूरज और प्रकाश का किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी पुनर्जन्म पर आधारित थी. फिल्म में हेमा मालिनी रत्ना और झुमरू के रोल में नजर आई थीं. इसके अलावा इस फिल्म में प्रेम चोपड़ा, योगिता बाली, आशा सचदेव और असरानी ने भी अभिनय किया था. फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट के बावजूद 'महबूबा' बॉक्स ऑफिस पर कोई खासा कमाल नहीं कर पाई. यही वजह है कि इसे राजेश खन्ना की फ्लॉप फिल्मों मे गिना जाता है, मगर इस फिल्म का गाना सुपरहिट हुआ.
किशोर कुमार की आवाज ने गाने में भर दिया दर्द
'मेरे नैना सावन भादों' के बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, और इसका संगीत आर.डी. बर्मन ने तैयार किया था. इस गाने के दो वर्जन रिकॉर्ड हुए थे जिसमें एक किशोर कुमार ने गाया था, तो दूसरा वर्जन लता मंगेशकर की आवाज में. दोनों ही वर्जन लोगों के दिलों मे जगह बनाने में कामयाब रहे. किशोर कुमार के वर्जन में जुदाई, इंतजार और अधूरे प्यार का दर्द साफ महसूस होता है.
आज भी करोड़ों बार सुना जा रहा है
इस गाने को लोगों ने कितना पसंद किया है इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज के समय में भी सारेगामा म्यूजिक के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर किशोर कुमार के वर्जन को सितंबर 2026 तक 94 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. वहीं लता मंगेशकर के वर्जन को 6.35 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले हैं. यानी जिस फिल्म को रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खासा सफलता तो नहीं मिली, लेकिन इसके इस गाने को लोग आज भी याद करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं