फिल्म एक्टर मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया. वे नानावती अस्पताल में भर्ती थे जहां पर उनका इलाज के दौरान निधन हो गया. मु्श्ताक खान ने अपने करियर में कई फिल्मों मे काम किया और अपनी एक अलग पहचान बनाई. कई सुपरहिट फिल्मों के उनके रोल और डॉयलाग्स लोगों के बीच आज भी फेमस हैं. दो साल मुश्ताक खान एक हैरान कर देने वाली घटना का शिकार हो गए थे. जिसने उनको अंदर तक हिलाकर रख दिया था.
दरअसल साल 2024 में मुश्ताक खान का किडनैप हो गया था. इस दौरान अपराधियों ने उन्हें कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया, प्रताड़ित किया गया और 2 लाख रुपये देने के लिए मजबूर किया गया. इसके बाद वो किसी तरह वहां से भाग निकले.
क्या था पूरा मामला
मुश्ताक खान ने बीते दिनों एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि 15 नवंबर को उनको राहुल सैनी नाम के एक आदमी का फोन आया था. कॉल करने वाले ने उन्हें मेरठ में एक प्रोग्रॉम में शामिल होने के लिए इनवाइट किया था. जहां पर उन्हें कुछ लोगों को सम्मानित करना था. क्योंकि मुश्ताक खान अक्सर ऐसे प्रोग्रॉम में शामिल होते रहते थे, इसलिए उन्हें इस इनविटेशन पर किसी तरह का शक नहीं हुआ.
राहुल सैनी ने एक्टर मुश्ताक खान से वादा किया कि इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए उनको फीस दी जाएगी. भरोसा दिलाने के लिए उसने तुरंत 25 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए और कहा कि बाकी रकम बाद में दे दी जाएगी. इसके साथ ही उसने मुश्ताक खान के लिए मुंबई से दिल्ली की फ्लाइट टिकट भी भेज दी. 20 नवंबर को मुश्ताक खान दिल्ली पहुंचे, जहां राहुल सैनी की ओर से भेजी गई एक कैब उन्हें लेने आई. कार में ड्राइवर के अलावा एक दूसरा व्यक्ति भी मौजूद था. कुछ दूरी तय करने के बाद कार रोक दी गई और अभिनेता से दूसरी गाड़ी में बैठने के लिए कहा गया. इसके बाद उनकी गाड़ी में कुछ और लोग भी बैठे जिसके बाद एक्टर को कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ.
तब तक मुश्ताक खान को शक हो चुका था कि कुछ गड़बड़ है और उन्होंने इसका विरोध भी किया. इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर एक चादर डाल दी और सिर नीचे करके बैठने को कहा. करीब तीन से चार घंटे बाद वो लोग एक मकान में पहुंचे. वहां पर किडनैपर्स ने मुश्ताक खान को कई घंटों तक प्रताड़ित किया और उनसे परिवार को फोन कर पैसे मंगवाने के लिए दबाव बनाया. आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और परिवार से संपर्क करवाकर अपने खाते में करीब 2 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद भी उन्हें बंधक बनाकर रखा गया और लगातार धमकाया जाता रहा. इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने शराब पीना शुरू कर दिया. शिकायत के मुताबिक, तड़के सुबह जब वो नशे की हालत में सो गए, तो मुश्ताक खान किसी तरह वहां से भागने में सफल रहे. वो भागकर पास की एक मस्जिद पहुंचे, जहां मौजूद मौलवी ने उनकी मदद की और परिवार से संपर्क करवाया. मुश्ताक खान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई और किडनैपर्स पकड़े भी गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं