विज्ञापन

रामायण की सीता साई पल्लवी की नई फिल्म को CM विजय ने दिए 6AM शोज की अनुमति, धनुष ने कहा शुक्रिया

साइ पल्लवी और ममटी स्टारर ओम के 'ओम' के सुबह 6 बजे के शो की अनुमति देने पर तमिलनाडु के सीएम विजय का धनुष ने आभार जताया. 

रामायण की सीता साई पल्लवी की नई फिल्म को CM विजय ने दिए 6AM शोज की अनुमति, धनुष ने कहा शुक्रिया
साई पल्लवी, धनुष और ममूटी को मिले सुबह 6 बजे के शोज, सीएम विजय को कहा शुक्रिया
नई दिल्ली:

रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी, एक्टर और निर्देशक धनुष और ममूटी के साथ अपनी आगामी फिल्म 'ओम' की रिलीज की तैयारियों में जुटे हैं. फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस बीच अभिनेता ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का फिल्म के सुबह 6 बजे के शो की अनुमति देने के लिए आभार जताया है. धनुष ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा किए गए एक बयान में प्रशंसकों से फिल्म को लेकर जिम्मेदारी बरतने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म की सफलता के पीछे विभिन्न विभागों के कई लोगों की मेहनत और समर्पण होता है. 

सीएम विजय को धनुष ने कहा शुक्रिया

एक्टर ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी लोगों को सबसे बड़ा समर्थन सिनेमाघरों में फिल्म देखकर दिया जा सकता है. ऐसा करने से दर्शक फिल्म उद्योग के विकास में भी योगदान देते हैं. धनुष ने तमिलनाडु सरकार और मुख्यमंत्री विजय का विशेष रूप से धन्यवाद किया. उन्होंने अपने बयान में कहा, "20 नवंबर को रिलीज हो रही फिल्म 'ओम' के सुबह 6 बजे के शो की अनुमति देने के लिए तमिलनाडु सरकार और तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री श्री विजय का दिल से आभार."

उन्होंने सुबह 6 बजे का शो देखने जाने वाले प्रशंसकों से सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ फिल्म देखने का अनुरोध किया. साथ ही कहा कि दर्शक फिल्म का आनंद इस तरह लें कि दूसरों को किसी तरह की असुविधा न हो. अभिनेता ने कहा, "फिल्म का आनंद लेना ही असली जश्न है."

ये भी पढ़ें- सतिंदर सरताज का पंजाबी गाना, दो महीने में पॉपुलर, रोमांटिक गाने में प्रेमिका की तारीफ में सूफी बोल ने जीते दिल

ओम को मिला यूए सर्टिफिकेट

राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी दे दी है. फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शकों और प्रशंसकों के बीच इसे लेकर काफी उत्साह है. ट्रेलर से पता चलता है कि फिल्म में धनुष तमिलनाडु पुलिस की संगठित अपराधों से निपटने के लिए बनाई गई विशेष खुफिया इकाई के सदस्य की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में ममूटी खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे. 

ओम की कहानी 

फिल्म की कहानी दो मंदिरों वाले शहरों के बीच घटित होती है. इसमें प्रकृति के खिलाफ हो रहे अपराध और रेड सैंडर्स यानी लाल चंदन की तस्करी के नेटवर्क को दिखाया गया है. इस नेटवर्क का पता लगाने और उसे खत्म करने के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) गठित करती है. इसका नेतृत्व आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी करती हैं, जिसका किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं. वह तस्करी नेटवर्क में घुसपैठ करने के लिए 'ओएम' यानी 'ऑपरेशन मोल' नाम से अभियान चलाती हैं. वहीं, तमिलनाडु पुलिस की ओर से संगठित अपराधों से निपटने के लिए ओसीआईयू (ऑर्गनाइज्ड क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) नाम की विशेष इकाई बनाई गई है. धनुष इसी इकाई के सदस्य हैं. फिल्म में उन्हें डी 402 के नाम से जाना जाता है. उनका एक परिवार भी है, जिसमें पत्नी और बच्चा शामिल हैं, लेकिन बाहरी दुनिया को उनके परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं है. 

ओम की कास्ट

फिल्म में ममूटी रेड हिल्स कार्तिकेयन नाम के किरदार में दिखाई देंगे, जो संगठित अपराध के इस नेटवर्क का सरगना है. वहीं, साई पल्लवी आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी और श्रीलीला धनुष की पत्नी रोजा की भूमिका निभा रही हैं. फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिका में हैं. फिल्म के शीर्षक के साथ 'चैप्टर 1' की टैगलाइन दी गई है, जिससे इसके सीक्वल की संभावना भी जताई जा रही है. फिल्म में संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है. सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी एझिल अरासु ने संभाली है, जबकि एडिटिंग कलाईवानन आर और कॉस्ट्यूम डिजाइन काव्या श्रीराम ने किया है. 

ये भी पढ़ें- सलमान खान ने शेयर किया ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं की पहली झलक, साजिद नाडियाडवाला के बेटे को भविष्य के लिए कहा- ना उड़ो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cm Vijay, OM Chapter 1, Sai Pallavi, Dhanush
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com