अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट में नज़र आए. इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते, पुराने झगड़ों और बिग बॉस के घर में बिताए समय के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि इस शो में साथ रहने के अनुभव ने उन्हें एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने में कैसे मदद की. बातचीत के दौरान अंकिता ने बिग बॉस के घर से जुड़े अपने कुछ भावुक पलों को याद किया, वहीं विक्की ने भी अपने अनुभव और मुश्किलों के बारे में बताया. अपने रिश्ते में आए बदलावों के बारे में बात करते हुए अंकिता ने बताया कि अब उनके बीच पहले के मुकाबले काफी कम झगड़े होते हैं और वे एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे हैं. उन्होंने कहा, “पहले लड़ाई बहुत होती थी, अब नहीं होती. पहले शायद समझने में बहुत परेशानी होती थी, लेकिन बिग बॉस के बाद एक-दूसरे को समझने की क्षमता बढ़ गई है.”
बिग बॉस में एक साथ हिस्सा लेने के फैसले को याद करते हुए अंकिता ने बताया कि उन्हें इस शो के लिए कई बार ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने हर बार मना कर दिया था. हालांकि, वह और विक्की दोनों ही रियलिटी शो के बड़े प्रशंसक थे. ऐसे में जब उन्हें दोबारा शो का ऑफर मिला, तो उन्होंने एक शर्त रखी कि वह तभी शो में आएंगी, जब विक्की भी उनके साथ होंगे. मेकर्स ने उनकी यह बात मान ली. लेकिन घर के अंदर जाने के बाद चीजें वैसी नहीं रहीं, जैसी उन्होंने सोची थीं.
शो में जाने के लिए की थी प्लानिंग
विक्की ने हंसते हुए बताया कि शो में जाने से पहले दोनों ने काफी योजनाएं बनाई थीं. उन्होंने तय किया था कि घर में किस तरह रहेंगे और गेम कैसे खेलेंगे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद वह खुद गेम में पूरी तरह शामिल हो गए. वहीं, अंकिता का इस पूरे सफर को लेकर अनुभव कुछ अलग था. उन्होंने बताया कि विक्की अपने गेम में व्यस्त हो गए थे और इस वजह से उन्हें बिग बॉस के घर में भावनात्मक रूप से अकेलापन महसूस होने लगा था.
अंकिता ने बताया, “मुझे हर साल बिग बॉस वाले बुलाते थे, लेकिन मैं हमेशा मना कर देती थी. मैं और विक्की दोनों रियलिटी शो के बड़े फैन हैं. जब उन्होंने दोबारा मुझसे संपर्क किया, तो मैंने कहा कि मैं तभी आऊंगी जब विक्की भी साथ आएंगे. मेकर्स ने मेरी बात मान ली. घर में जाने से पहले हमने तय किया था कि हम क्या करेंगे, लेकिन वहां पहुंचते ही विक्की खुद गेम खेलने में लग गया.” उन्होंने आगे कहा, “बिग बॉस के उस दौर में विक्की मेरे साथ उस तरह नहीं थे और मैं घर में अकेली पड़ गई थी, जबकि वह अपना गेम खेल रहे थे. मैं उस घर में इतना रोई हूं, जितना अपनी पूरी जिंदगी में कभी नहीं रोई.”
अंकिता ने यह भी साफ किया कि उस स्थिति में न तो वह पूरी तरह गलत थीं और न ही विक्की. जहां अंकिता अपने पति से प्यार, भरोसा और भावनात्मक साथ चाहती थीं, वहीं विक्की का पूरा ध्यान गेम खेलने और प्रतियोगिता में आगे बढ़ने पर था. उन्होंने माना कि इस अनुभव ने उनकी असुरक्षाओं को सामने ला दिया और उन्हें एहसास हुआ कि दोनों एक ही स्थिति को कितने अलग तरीके से देख रहे थे. अंकिता ने यह भी बताया कि बिग बॉस के घर में उन्हें यह समझ आया कि वहां वह सिर्फ विक्की जैन की पत्नी नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान, भावनाओं और उम्मीदों वाली अंकिता लोखंडे थीं.
विक्की ने महसूस किया दबाव
वहीं, विक्की ने शो में एक नए चेहरे के तौर पर आने के दौरान महसूस किए गए दबाव के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि अंकिता की पहले से ही अपनी एक मजबूत पहचान थी और दर्शकों के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता थी. लेकिन विक्की के लिए यह एक नई शुरुआत थी, जहां उन्हें अपनी पहचान खुद बनानी थी. उन्होंने यह भी बताया कि लोगों ने उन्हें 'नेपो पति' का नाम दिया था, जिससे उनके लिए अपनी अलग पहचान बनाना और गेम में खुद को साबित करना और भी मुश्किल हो गया था.
विक्की के लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ इस प्रतियोगिता में टिके रहना नहीं था, बल्कि दर्शकों को यह दिखाना भी था कि वह अपनी पहचान के दम पर शो में हैं, न कि सिर्फ अपनी मशहूर पत्नी की वजह से. उन्हें लगता था कि अंकिता की लोकप्रियता के चलते दर्शक उन्हें पहले से ही एक मजबूत खिलाड़ी और फाइनलिस्ट के रूप में देख रहे थे. वहीं, विक्की को अपनी जगह बनाने और अपने सफर को खास साबित करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ रही थी.
ये भी पढ़ें: 25 साल पुराना अलका याग्निक का सॉन्ग, देसी अंदाज में मनीषा-माधुरी का डांस, गांव देहात में हुआ सुपरहिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं