गुरुवार को मुंबई में एक्टर प्रदीप रावत के परिवार, दोस्तों और बॉलीवुड के साथियों ने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक प्रार्थना सभा रखी. इस हफ्ते की शुरुआत में ब्लड कैंसर से उनकी हालत तेजी से बिगड़ती गई, जिसके बाद 74 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. प्रार्थना सभा में एक्टर के बेटे विक्रमादित्य अपने पिता को भावुक श्रद्धांजलि देते हुए रो पड़े. गुरुवार को प्रार्थना सभा के बाद विक्रमादित्य सिंह रावत ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए अपने पिता की यादों और उनकी विरासत के बारे में बताया. उन्होंने कहा, "मैं अपने पिता के बारे में चाहे कितने भी शब्द कहूं, वे हमेशा कम ही होंगे. वे सम्मानित और इज्जतदार इंसान थे. मैं चाहे कितनी भी बार भगवान से प्रार्थना करूं, या अगर भगवान मुझसे पूछें कि मैं कैसा पिता चाहता हूं, तो मैं हमेशा उन्हीं का नाम लूंगा."
यह भी पढ़ें- गुरु रंधावा के नए गाने Fine Shyt को सुनकर भड़के इंटरनेट यूजर्स, कहा- 'बहरों के लिए एक और जीत'
विक्रमादित्य ने कहा कि वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जैसा कि उनके पिता चाहते थे. उन्होंने आगे कहा, "उनका मानना था, और मेरा भी मानना है, कि एक दिन मैं उनका नाम रोशन करूंगा. मैं उनकी विरासत को आगे बढ़ाऊंगा. मैं उनकी विरासत को अपनाना चाहता हूं और उसे और भी बड़ा बनाना चाहता हूं." प्रदीप रावत जो 'गजनी' में विलेन के रोल के लिए जाने जाते हैं, 'लगान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में भी नजर आए थे. उन्होंने चार दशक के करियर में हिंदी फिल्मों के अलावा तेलुगु और तमिल सिनेमा में भी खूब काम किया.
यह भी पढ़ें- मिनी माथुर की पार्टी में अपने एक्स कुशाल टंडन से मिलीं गौहर खान, फोटो शेयर कर बताया- "शानदार रात"
प्रदीप रावत के साथियों ने उन्हें याद किया
प्रेयर मीट में, प्रदीप रावत के साथ काम करने वाले कई एक्टर्स ने दिवंगत एक्टर के साथ अपनी यादें शेयर कीं. रघुबीर यादव ने इस नुकसान को इंडस्ट्री के लिए 'बहुत बड़ा' बताया. उन्होंने कहा, "बहुत दुख है. फिल्म इंडस्ट्री ने एक बहुत बड़ा एक्टर, बहुत समझदार एक्टर और सच में टैलेंटेड परफॉर्मर खो दिया है, लेकिन वह हमेशा सबकी यादों में रहेंगे. उन्हें हमेशा याद किया जाएगा."
एक्टर मुकेश ऋषि, जिन्होंने प्रदीप रावत के साथ कई फिल्मों में काम किया. उनके साथ अपने लंबे रिश्ते को याद किया, जिसकी शुरुआत 26 साल से भी पहले 'सरफरोश' से हुई थी. एक्टर ने कहा, "हम दोनों का सफर 'सरफरोश' से शुरू हुआ, जहां हम पहली बार मिले और एक-दूसरे को जाना. बाद में जब मैं साउथ गया, तो प्रदीप भी वहां आ गए. हमने साथ में कई फिल्मों में काम किया और एक-दूसरे के साथ काफी समय बिताने का मौका मिला."
प्रदीप रावत का परिवार
प्रदीप रावत के परिवार में उनकी पत्नी कल्याणी रावत और बेटा विक्रमादित्य रावत हैं. एक्टर हिंदी, तेलुगु और तमिल फिल्मों में अपनी एक्टिंग के लिए जाने जाते थे. उन्होंने 'सरफरोश', 'लगान', 'सई', 'नायक', 'गजनी' और हाल ही में 'छावा' जैसी फिल्मों में यादगार रोल निभाए, जिसमें उन्होंने येसाजी कंक का रोल किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं