सावन आते ही मौसम के साथ लोगों की प्लेलिस्ट भी बदलने लगती है. कहीं झूले पड़ते हैं तो कहीं बारिश की फुहारों के बीच पुराने गाने सुनने का मजा दोगुना हो जाता है. ऐसे ही गानों की बात हो और फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' का सुपरहिट गाना 'म्हारे हिवड़ा में नाचे मोर' याद न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. साल 1999 में रिलीज हुआ ये गाना आज भी हर उम्र के लोगों की पसंद बना हुआ है. इसकी खास बात सिर्फ इसका संगीत नहीं, बल्कि राजस्थान की खूबसूरत झलक, शानदार लोकेशन और एक साथ कई मशहूर सिंगर्स की आवाज भी है. यही वजह है कि सावन के मौसम में ये गाना आज भी खूब सुना जाता है.
सावन के मौसम में अलग ही रंग भर देता है ये गाना
फिल्म हम साथ-साथ हैं का 'म्हारे हिवड़ा में नाचे मोर' बॉलीवुड के सबसे पसंद किए जाने वाले फैमिली और डांस सॉन्ग्स में गिना जाता है. गाने में राजस्थान की संस्कृति और वहां की रंग-बिरंगी परंपरा को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है. 'म्हारे हिवड़ा में नाचे मोर' का मतलब है कि मन खुशी से झूम उठा है. यही एहसास इस पूरे गाने में साफ नजर आता है.
6 बड़े सिंगर्स ने मिलकर दी आवाज
इस गाने की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसे एक या दो नहीं, बल्कि 6 मशहूर सिंगर्स ने मिलकर गाया था. कविता कृष्णमूर्ति, हरिहरन, कुमार सानू, अलका याग्निक, उदित नारायण और अनुराधा पौडवाल की आवाज ने इस गाने को और भी खास बना दिया. संगीत राम-लक्ष्मण ने तैयार किया था. वहीं पर्दे पर सलमान खान, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम कोठारी और मोहनीश बहल नजर आए थे.
राजस्थान की खूबसूरत लोकेशन बनी आकर्षण
इस गाने की शूटिंग राजस्थान के कई ऐतिहासिक किलों और शानदार जगहों पर हुई थी. मेहरानगढ़ किला, मंडोर गार्डन्स और जसवंत थड़ा जैसी जगहों ने गाने की खूबसूरती को और बढ़ा दिया. वहीं बारिश वाला हिस्सा कर्नाटक के चेन्नाकेशव मंदिर में फिल्माया गया था. शूटिंग के दौरान कलाकारों ने तेज गर्मी में भारी पारंपरिक कपड़े और गहने पहनकर काम किया, लेकिन स्क्रीन पर उनकी मेहनत साफ नजर आई. यही वजह है कि इतने साल बाद भी सावन आते ही ये गाना लोगों की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बना लेता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं