प्रसिद्ध अभिनेता प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे. 74 साल की उम्र में 4 अगस्त 2026 की शाम ब्लड कैंसर के कारण उनका निधन हो गया. लंबे समय तक फिल्मों और टीवी की दुनिया में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत के जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. बुधवार, 5 अगस्त को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे. आमिर खान, आशुतोष गोवारिकर, सुरेंद्र पाल, दया शंकर पांडे, अली खान, अखिलेंद्र मिश्रा और यशपाल शर्मा भी नम आंखों से अपने साथी कलाकार को विदा करते नजर आए. वहीं, उनके अंतिम संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर फैंस भी भावुक हो रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में हुआ अंतिम संस्कार
प्रदीप रावत का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए बुधवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित इम्पीरियल हाइट्स में रखा गया था. यहां परिवार, रिश्तेदार, दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद जोगेश्वरी (पश्चिम) स्थित ओशिवारा श्मशान घाट में पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम विदाई के दौरान मौजूद सभी लोगों की आंखें नम थीं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उनके चाहने वाले और करीबी उन्हें आखिरी बार विदा करते दिखाई दे रहे हैं.
‘लगान' से ‘गजनी' तक निभाए यादगार किरदार
प्रदीप रावत ने अपने लंबे करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं. फिल्म लगान में देवा सिंह सोढ़ी और गजनी में खतरनाक विलेन के किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई. इसके अलावा बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी धारावाहिक महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका भी दर्शकों को आज तक याद है. फिल्मों और टीवी दोनों माध्यमों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. उनके निधन से हिंदी सिनेमा ने एक दमदार कलाकार खो दिया है. अब उनका अंतिम संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां फैंस उन्हें याद करते हुए भावुक संदेश लिख रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं