टीवी अभिनेता शालीन भनोट ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए कई हैरान कर देने वाले खुलासे किए हैं. एक समय ऐसा भी आया था जब उन्हें लगा कि उनकी जिंदगी पूरी तरह बिखर चुकी है. पत्नी दलजीत कौर से अलग होने के बाद शालीन मानसिक और भावनात्मक तनाव से गुजर रहे थे. हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया कि तलाक के बाद वह इतने परेशान हो गए थे कि मुंबई छोड़कर अपने गृह नगर जबलपुर लौट गए थे. उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें लगने लगा था कि अब जिंदगी में कुछ भी नहीं बचा है. मीडिया की लगातार निगाहें, लोगों की बातें और निजी जिंदगी पर हो रही चर्चा ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था.
तलाक के बाद बुरी तरह टूट गए थे शालीन
आबरा का डाबरा शो में बातचीत करते हुए शालीन भनोट ने बताया कि दलजीत कौर से अलग होने के बाद लोगों का ध्यान उनके काम से ज्यादा उनकी निजी जिंदगी पर केंद्रित हो गया था. हर तरफ उनके रिश्ते और तलाक की चर्चा हो रही थी. अभिनेता ने कहा कि उस समय उन्हें ऐसा महसूस होने लगा था कि उनका जीवन खत्म हो गया है.

शालीन ने बताया कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थे और लगातार हो रही आलोचनाओं व सवालों से थक चुके थे. इसी वजह से उन्होंने मुंबई छोड़ने का फैसला किया और जबलपुर चले गए. वहां जाकर वह रोज मंदिर जाते थे और भगवान से अपने टूटे हुए सपनों की शिकायत करते थे. उन्होंने कहा कि उस दौरान मीडिया से लगातार फोन और संदेश आते रहते थे, लेकिन एक समय के बाद उन्होंने सभी कॉल उठाना बंद कर दिया क्योंकि वह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं थे.
जब मुंबई लौटने के लिए नहीं था कोई ठिकाना
शालीन भनोट ने बताया कि जब वह जबलपुर में थे, तभी उनकी जिंदगी में एक ट्विस्ट आया. मंदिर जाते समय उन्हें एक टीवी शो का ऑफर मिला. हालांकि काम मिलने की खुशी थी, लेकिन उनके सामने एक बड़ी समस्या थी. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि मुंबई वापस जाकर रहेंगे कहां. पॉडकास्ट के दौरान होस्ट पारस छाबड़ा ने जब उनसे पूछा कि उनके पास मुंबई में घर क्यों नहीं था, तो शालीन ने बताया कि अलगाव के बाद उन्होंने किराए पर घर लेने की कोशिश की थी. लेकिन उन्हें कई जगहों पर घर नहीं मिला. अभिनेता का दावा है कि लोखंडवाला इलाके में लोग उन्हें मकान देने के लिए तैयार नहीं थे.

उन्होंने कहा कि कई बार वह मकान मालिकों द्वारा मांगे गए किराए से ज्यादा रकम देने को भी तैयार थे, फिर भी उन्हें मना कर दिया जाता था. हालात इतने कठिन हो गए थे कि कुछ समय तक उन्हें अपने असिस्टेंट डायरेक्टर के घर में रहना पड़ा. बाद में धीरे-धीरे उनकी सिचुएशन ठीक हुई और उन्होंने दोबारा अपने करियर पर ध्यान केंद्रित किया.
2009 में हुई थी शादी, 2015 में अलग हुए रास्ते
शालीन भनोट और दलजीत कौर की मुलाकात टीवी शो ‘कुलवधू' के सेट पर हुई थी. साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साल 2009 में शादी कर ली. वर्ष 2014 में उनके बेटे जेडन भनोट का जन्म हुआ. हालांकि शादी के कुछ साल बाद ही उनके रिश्ते में दरार आ गई. साल 2015 में दलजीत कौर ने तलाक की अर्जी दाखिल की थी और शालीन पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे. शालीन ने इन आरोपों से इनकार किया था. उसी साल दोनों आधिकारिक रूप से अलग हो गए और बेटे की कस्टडी दलजीत को मिली.
यह भी पढ़ें: फिल्म रिलीज से पहले ही जाह्नवी कपूर ने जताई थी नाराजगी? वायरल चैट्स ने बढ़ाई ‘पेड्डी' की मुश्किलें
काफी विवादों और कानूनी लड़ाई के बावजूद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं. शालीन आज भी टीवी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं, जबकि दलजीत भी अपने करियर और पर्सनल लाइफ पर ध्यान दे रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं