फिल्म पेड्डी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ चैट्स तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें दावा किया गया है कि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने फिल्म की शूटिंग के दौरान ही अपने कुछ सीन्स को लेकर असहजता जाहिर की थी. इन चैट्स के सामने आने के बाद फिल्म में महिलाओं के चित्रण और कैमरे के इस्तेमाल को लेकर बहस और तेज हो गई है. खास बात यह है कि यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना पहले ही आलोचनाओं के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं. हालांकि वायरल हो रहे ये चैट्स असली हैं या नहीं, इस पर फिलहाल किसी की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए मैसेज
इंटरनेट पर शेयर किए जा रहे स्क्रीनशॉट्स में दावा किया गया है कि ये बातचीत फिल्म की शूटिंग के दौरान की है. सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसे मैसेज की हो रही है, जिसकी तारीख 30 अक्टूबर बताई जा रही है. इसमें जाह्नवी कपूर ने कथित तौर पर लिखा है कि उन्होंने फिल्म की टीम से कुछ विशेष कैमरा एंगल्स का इस्तेमाल न करने का अनुरोध किया था.
वायरल पोस्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री ने कहा था कि कैमरा उनके शरीर के कुछ हिस्सों पर अनावश्यक रूप से फोकस न करे. सोशल मीडिया पर इन स्क्रीनशॉट्स को साझा करने वाले फैन पेज यह दावा कर रहे हैं कि जाह्नवी ने शूटिंग के दौरान ही अपनी असहमति जाहिर कर दी थी. हालांकि अभिनेत्री या उनकी टीम की तरफ से इन संदेशों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
राम चरण का नाम भी आया चर्चा में
इन चैट्स में एक और दावा किया गया है जिसने लोगों का ध्यान खींचा है. स्क्रीनशॉट्स के अनुसार, जाह्नवी ने बातचीत में अभिनेता राम चरण का भी जिक्र किया था. दावा है कि राम चरण ने भी कुछ कैमरा एंगल्स को लेकर आपत्ति जताई थी और अभिनेत्री का समर्थन किया था. हालांकि यह साफ नहीं है कि वायरल हो रही बातचीत वास्तव में असली है या नहीं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे गंभीरता से ले रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि चैट्स असली नहीं हैं.
जाह्नवी के किरदार पर उठे सवाल
फिल्म रिलीज होने के बाद से ही कुछ लोग जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा' को पर्दे पर दिखाए जाने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं. उनका मानना है कि कहानी में उनके कैरक्टर को गहराई देने के बजाय कई सीन्स में कैमरा उनके व्यक्तित्व से ज्यादा उनके शरीर पर फोकस्ड है. सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स में यह तर्क दिया गया कि महिला किरदार को मजबूत पहचान देने के बजाय उसे ग्लैमर तक सीमित कर दिया गया. इसी वजह से निर्देशक बुची बाबू सना को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और बाद में उन्होंने इस मुद्दे पर खेद भी जताया.
यह भी पढ़ें: संजय गुप्ता करना चाहते हैं जिम सर्भ-नसीरुद्दीन शाह को बैन, सोशल मीडिया पोस्ट हुआ वायरल, सपोर्ट में आए यूजर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं