फिल्म दंगल से दुनियाभर में नाम कमाने वाली मशहूर एक्ट्रेस फातिमा सना शेख पर्दे पर अपनी अलग एक्टिंग के लिए जानी जाती है. उन्होंने पर्दे पर अलग-अलग किरदार किए हैं. फातिमा सना शेख हाल ही में एनडीटीवी युवा 2026 मंच पर पहुंची. यहां ‘फतिमा नो फिल्टर' में उन्होंने अपनी जिंदगी के साथ-साथ करियर पर भी ढेर सारी बातें की. हाल ही में मुंबई नगर निगम की ओर से एसी सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स पर मनोरंजन टैक्स बढ़ाना का प्रस्ताव आया है, जिसको लेकर फातिमा सना शेख ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
मनोरंजन टैक्स पर प्रतिक्रिया
मुंबई नगर निगम के एसी सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स पर मनोरंजन टैक्स में 570 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए फातिमा ने कहा, “अब फिल्में कौन देखेगा? वैसे भी कोई नहीं देख रहा. यह बहुत क्लासिस्ट है. सिंगल स्क्रीन थिएटर पहले से ही अलग-थलग पड़ चुके हैं. पॉपकॉर्न ही एक हजार रुपये का है.” उनके अनुसार यह बढ़ोतरी आम दर्शकों के लिए सिनेमा को और महंगा बना देगी.
बचपन से ही संघर्षों का जिक्र करते हुए फातिमा ने बताया, “मैंने चाइल्ड आर्टिस्ट रहने के बाद काफी संघर्ष किए. कई ऑडिशन दिए. अमीर लोगों की शादियों में शूटिंग भी की, जहां बहुत गॉसिप होती थी. फिर दंगल मिली और आज मैं यहां हूं.” उन्होंने कहा कि मेहनत और इंतजार के बाद सफलता मिली.
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर राय
फातिमा सना शेख इन दिनों अपनी वेब सीरीज हुंकार को लेकर सुर्खियों में हैं. ऐसे में उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म को लेकर अपनी राय दी है. ओटीटी प्लेटफॉर्म के बारे में फातिमा ने कहा कि यह कलाकारों और लेखकों दोनों के लिए अच्छा माध्यम है. “ओटीटी ने महिला कलाकारों के लिए कई दरवाजे खोले हैं. मजबूत महिलाएं सिर्फ सिगरेट पीने वाली नहीं होतीं. ओटीटी में वे कमजोर भी हो सकती हैं.”
सोशल मीडिया सेंसरशिप पर उन्होंने सलमान खान की तरह सपोर्ट जताया. “हां, सोशल मीडिया पर सेंसरशिप होनी चाहिए, लेकिन कैसे करेंगे? अब हमें जिम्मेदारी लेनी होगी. अगर कानून का डर नहीं होगा तो इंसान नहीं बदलेगा.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं