विज्ञापन

हर नाराज गर्लफ्रेंड को मना देगा मोहम्मद रफी का ये गाना, 64 साल से है हिट, नई जनरेशन भी हो जाएंगी इसकी दीवाने

64 साल पहले आया मोहम्मद रफी का ये गाना आज भी प्रेमियों के बीच उतना ही लोकप्रिय है. शम्मी कपूर की मस्ती और रफी की चुलबुली आवाज ने इस गाने को ऐसा अंदाज दिया, जो आज भी पुराना नहीं लगता.

हर नाराज गर्लफ्रेंड को मना देगा मोहम्मद रफी का ये गाना, 64 साल से है हिट, नई जनरेशन भी हो जाएंगी इसकी दीवाने
प्रेमिका की खूबसूरती की तारीफ करनी हो तो सुन लीजिए ये 64 साल पुराना गाना
NDTV

किसी लड़की की खूबसूरती की तारीफ करनी हो और अंदाज थोड़ा शरारती हो, तो मोहम्मद रफी की आवाज में गाया एक गाना आज भी कमाल कर सकता है. करीब 64 साल पहले आया यह गीत सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं रहा, बल्कि प्यार जताने का एक मजेदार अंदाज बन गया. गिटार थामे शम्मी कपूर, सामने शकीला और रफी साहब की मस्ती से भरी आवाज... तीनों ने मिलकर ऐसा माहौल बनाया कि गाना फिल्म से कहीं आगे निकल गया. आज भी इसकी धुन बजते ही पैर थिरकने लगते हैं और इसके बोल सुनकर चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. यही वजह है कि नई पीढ़ी भी इस पुराने गाने से अनजान नहीं है. शायद आप समझ गए होंगे कि यहां बात 1962 में आई फिल्म ‘चाइना टाउन' के गाने ‘बार बार देखो…' की हो रही है.

रफी की आवाज में ऐसी क्या बात थी?

'बार बार देखो, हजार बार देखो… ये देखने की चीज है… टॉली हो..'. रफी साहब ने इस गाने को जिस अनोखे अंदाज में गाया, उसमें रोमांस के साथ शरारत, मस्ती और जबरदस्त जोश भी समाया हुआ है. गाना सुनते ही ऐसा लगता है जैसे कोई प्रेमी अपनी गर्लफ्रेंड की खूबसूरती देखकर खुद को रोक ही नहीं पा रहा. यही इसकी सबसे खास बात है. यह सिर्फ तारीफ नहीं करता, बल्कि पूरे अंदाज को एक मस्ती में बदल देता है.

शम्मी कपूर ने बिना प्रैक्टिस के कर डाला कमाल

रफी साहब की शरारत भरी गायकी के साथ इस गाने को जिस तरह से फिल्माया गया है वो भी अपने आप में बेहद खास है. शम्मी कपूर और शकीला पर फिल्माए गए इस गीत में शम्मी कपूर हाथ में गिटार लेकर अपनी प्रेमिका की तारीफ करते नजर आते हैं. कहा जाता है कि शम्मी कपूर ने इस गाने के लिए पहले से कोई डांस प्रैक्टिस नहीं की थी. रफी की जोशीली आवाज सुनकर वह खुद ही उस अंदाज में झूमने लगे और वही अंदाज आगे चलकर उनके खास डांस स्टाइल का हिस्सा बन गया. यानी रफी की आवाज और शम्मी कपूर की मस्ती ने मिलकर गाने को ऐसा रंग दिया, जो आज भी पुराना नहीं लगता.

गाने को मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था. प्रेमिका की खूबसूरती को लेकर लिखे गए इसके बोल सीधे और चुलबुले हैं. यही वजह है कि गाना सुनते हुए ऐसा लगता है जैसे कोई प्रेमी अपनी दिलरुबा की तारीफ किए जा रहा हो और सामने वाला बस मुस्कुराए जा रहा हो. गाने की धुन तैयार की थी संगीतकार रवि ने. रफी की आवाज, मजरूह के बोल और रवि का संगीत, तीनों का मेल ऐसा बैठा कि 'बार बार देखो, हजार बार देखो' सुनने वालों की जुबान पर चढ़ गया.

फिल्म से ज्यादा मशहूर हुआ गाना

इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे कई टीवी विज्ञापनों में जिंगल की तरह इस्तेमाल किया गया और रियलिटी शो में भी प्रतियोगियों को इसे गाते हुए देखा गया. इसकी धुन और अंदाज इतना पहचाना हुआ है कि कई दशक बाद भी पहली लाइन सुनते ही लोग अगली लाइन खुद गुनगुनाने लगते हैं. इसी गाने से प्रेरित होकर कटरीना कैफ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'बार बार देखो' का नाम भी रखा गया था. 64 साल बाद भी अगर कोई गाना प्रेमिका की तारीफ करने के लिए उतना ही शरारती, चुलबुला और मजेदार लगे, तो समझिए रफी साहब की आवाज में सचमुच कुछ ऐसा था जो वक्त के साथ पुराना होना जानता ही नहीं था.

ये भी पढ़ें: 400 फिल्मों में किया काम, अमिताभ-धर्मेंद्र संग भी आई नजर, फिर भी कभी नहीं बन पाईं लीड हीरोइन, पहचाना कौन?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baar Baar Dekho Hazaar Baar Dekho Song, Romantic Songs, Mohammed Rafi, China Town, Shammi Kapoor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com