एक गाना... जो बजते ही समझ आ जाता है कि अब मेहंदी की रस्म शुरू होने वाली है. दुल्हन के चेहरे की मुस्कान, दोस्तों का डांस और पूरे परिवार की मस्ती, सब जैसे इसी गाने के साथ जुड़ गए हैं. 25 साल पहले आई एक फिल्म का ये गाना आज भी हर शादी की सबसे बड़ी पहचान बना हुआ है. दिलचस्प बात ये है कि फिल्म से ज्यादा लोगों ने इसके गाने को दिल में बसाया. वक्त के साथ सैकड़ों नए वेडिंग सॉन्ग आए, लेकिन इस गाने का जादू आज भी बिल्कुल कम नहीं हुआ. शायद यही वजह है कि आज भी हर दुल्हन की प्लेलिस्ट में इसकी जगह सबसे ऊपर रहती है. आखिर कौन सा है ये गाना, जो सालों बाद भी हर मेहंदी फंक्शन की जान बना हुआ है.
ये भी पढ़ें; 16 दिन बाद बॉक्स ऑफिस पर होने वाली है महा टक्कर, सनी देओल ने भिड़ेंगे इमरान हाशमी
25 साल पहले आई थी ये फिल्म
हम बात कर रहे हैं साल 2001 में आई फिल्म 'जुबैदा' की. फिल्म में करिश्मा कपूर, रेखा, मनोज बाजपेयी, रजत कपूर, लिलेट दुबे, सुरेखा सीकरी और अमरीश पुरी जैसे कई बड़े स्टार्स नजर आए थे. फिल्म का डायरेक्शन श्याम बेनेगल ने किया था, जबकि इसकी स्टोरी खालिद मोहम्मद ने लिखी थी. कहा जाता है कि ये फिल्म उनकी मां जुबैदा बेगम की जिंदगी से इंस्पायर्ड थी. फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स से अच्छी तारीफ मिली, लेकिन इसका एक गाना सबसे ज्यादा फेमस हो गया.
आज भी हर मेहंदी फंक्शन की पहली पसंद
'जुबैदा' का गाना 'मेहंदी है रचने वाली हाथों में गहरी लाली' आज भी शादी की मेहंदी रस्म की पहचान माना जाता है. जैसे ही ये गाना बजता है, पूरा माहौल खुशियों से भर जाता है. ए.आर. रहमान ने इसका म्यूजिक दिया था, जबकि अलका याज्ञनिक की आवाज ने इसे हमेशा के लिए यादगार बना दिया. करिश्मा कपूर पर शूट किया गया ये गाना आज भी यूट्यूब पर करोड़ों बार देखा जा चुका है. नई जनरेशन भी इसे उतना ही पसंद करती है, जितना पहले की ऑडियंस करती थी.
फिल्म ने जीते कई बड़े अवॉर्ड
'जुबैदा' को नेशनल फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट फीचर फिल्म (हिंदी) का अवॉर्ड मिला था. करिश्मा कपूर की दमदार परफॉर्मेंस ने भी खूब तारीफ बटोरी और उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस (क्रिटिक्स) अवॉर्ड मिला. ये फिल्म श्याम बेनेगल की ट्रायलॉजी का हिस्सा थी, जिसमें 'मम्मो' और 'सरदारी बेगम' भी शामिल हैं. शानदार स्टोरी, बेहतरीन म्यूजिक और यादगार गानों की वजह से 'जुबैदा' आज भी बॉलीवुड की उन फिल्मों में गिनी जाती है, जिनका जादू सालों बाद भी बरकरार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं