बॉलीवुड की एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं. वह सोशल मीडिया के माध्यम से अपने चाहने वालों के बीच अपनी बातें भी शेयर करती हैं. ममता कुलकर्णी का विवादों से हमेशा से संबंध रहा है. 90 के दौर में ममता बॉलीवुड की एक बड़ी एक्ट्रेस थीं. जिन्होंने बॉलीवुड को काफी बड़ी हिट फिल्में दी.
आध्यात्मिकता का ज्ञान
हाल ही में बॉलीवुड की एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी ने एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें उन्होंने कहा है कि लोगों का मानना है कि अगर आप साधु संत वाले कपड़े पहन रहे हो तो आप बैरागी हो. मैं यह कहना चाहती हूं कि बैरागी के अपने कुछ मायने होते हैं. जैसे मैं कॉफी पीना चाहती हूं, लेकिन मुझे कॉफी मिले तो ठीक है, नहीं मिले तब भी ठीक है. लोगों का मानना होता है कि अगर आप बैरागी हो तो सब कुछ छोड़कर जंगल में चले जाओ और तपस्या करने लगो. लेकिन ऐसा नहीं है, कपड़ों से आप बैरागी नहीं कहलाते, आप अपनी अंतर आत्मा से बैरागी कहलाते हो. जिन लोगों ने अकेला रहना सीख लिया है, उन्होंने बैरागी की सीमा पार कर ली है. एक्ट्रेस ने आगे कहा कि जब भी कोई लगातार काम करता रहता है तो वो उस काम से बोर हो जाता है. जैसे मैंने लगातार फिल्में और शोज किए तो मैं बोर हो गई थी. ऐसे ही एक किताब है, उसमें इस चीज का जिक्र है कि हमारे इतिहास में काफी ऐसे राजा थे जो अपने राज पाठ से बोर हो गए थे और वो कुछ नया करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने अपना राज पाठ छोड़ कर बैरागी बन गए. उन्होंने घोर तपस्या की, इसके बाद उन्होंने अपना राज पाठ वापस संभाला और पूरे राज्य में प्रजा के बीच एक पवित्रता और आध्यात्मिकता का ज्ञान फैलाया.
मैंने खुद पद छोड़ा
ममता ने आगे कहा कि जब किसी राजा में गुस्सा या बदले की भावना होती थी तो वह तपस्या कर जब वापस आता था तो वह सकारात्मक ऊर्जा प्रजा के बीच फैलाता था. अगर मैं अपनी बात कहूं तो मैंने इसीलिए उन बैरागी वस्त्रों का त्याग किया है. वैसे तो दो तरीके के किन्नर अखाड़े हैं जो खुद को बड़ा साबित करने में लगे रहते हैं. लेकिन जिस किन्नर अखाड़े की मैं महामंडलेश्वर बनी, मैंने खुद अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया था. क्योंकि मैं अपने जीवन में शांति चाहती थी. एक्ट्रेस ने आगे कहा कि लोगों को लगता है कि यह तो बॉलीवुड एक्ट्रेस रही है. इसको आध्यात्मिकता के बारे में क्या पता. लेकिन जो कोई भी मेरे पास आकर बैठता है, मुझसे बातें करता है, तब उसको पता चलता है कि मैं कितनी बड़ी आध्यात्मिकता का ज्ञान रखती हूं. काफी लोगों ने मुझे यह भी कहा है कि हमने तमाम साधु संत देखे हैं. लेकिन हम आपको अपने घर पर ले जाना चाहते हैं. लोग मेरा इतना सम्मान करते हैं. मैं बस इतना कहूंगी कि मैं हर एक कला में माहिर हूं. मैं खाना भी बन सकती हूं, डांस भी कर सकती हूं, गाना भी गा सकती हूं और आध्यात्मिकता का ज्ञान भी दे सकती हूं.
ये भी पढ़ें- कुकू कोहली के निधन की खबर से मधु को लगा धक्का, कहा, 'उनके एक कॉल ने मुझे रातों-रात स्टार बनाया'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं