मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस पर एफडीए (महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) ने बड़ी कार्रवाई की है. एफडीए ने गुरुवार को खानपान संबंधी गंभीर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन होने पर इस कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया है. ओलंपिया कॉफी हाउस से बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के कई सितारों की यादें जुड़ी हुई हैं. कई कलाकारों ने इस कैफे में बैठकर चाय की चुस्की ली है. हाल ही में हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन अपने स्टार्स के साथ चाय पीने आए थे.
जुलाई में नोलन अपनी फिल्म द ओडिसी का प्रमोशन करने के लिए भारत आए थे. उनके साथ फिल्म के एक्टर मैट डेमन और टॉम हॉलैंड भी थे. इस मुलाकात के बाद ओलंपिया कॉफी हाउस चर्चा में आ गया था. लेकिन अब एफडीए की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.
एफडीए के नियमों का उल्लंघन
एफडीए के अनुसार, ओलंपिया कॉफी हाउस कैफे के फूड स्टोरेज एरिया में ही यूरिनल बना हुआ पाया गया. खाना तैयार करने और बर्तन धोने की जगहें साफ नहीं थीं. खाने को सीधे फर्श पर रखा जा रहा था. गंदे पानी का इस्तेमाल हो रहा था. कॉकरोच और मक्खियों का आतंक था. फ्रिज में मांस और खून के निशान मिले. शाकाहारी और मांसाहारी खाने को अलग-अलग रखने का नियम भी नहीं माना जा रहा था. कटे हुए लकड़ी के बोर्ड खराब हालत में थे. काम करने वाले ज्यादातर लोग सुरक्षा वाले कपड़े नहीं पहन रहे थे.
Same place btw https://t.co/XMJaWwOcxU pic.twitter.com/AxTBdNjW00
— Pavan Rikkula (@pavan_rikkula) September 18, 2026
मुंबई में कई जगहों पर एफडीए की कार्रवाई
इतना ही नहीं कुल 35 फूड हैंडलर्स में से 34 को जरूरी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं दी गई थी. पानी की जांच रिपोर्ट और सफाई से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे. इन गंभीर गड़बड़ियों को देखते हुए एफडीए ने ओलंपिया कॉफी हाउस का लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिया.
एफडीए ने मुंबई के कई और ठिकानों पर भी कार्रवाई की है. चेम्बूर स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, घाटकोपर के विश्वास स्वीट्स एंड स्नैक्स, ए-1 जनरल एंड ड्राई फ्रूट्स और वर्ली के मिलन पंजाब के लाइसेंस रद्द कर दिए गए. पुणे में चार और नागपुर में दो रेस्तरां के लाइसेंस भी निलंबित किए गए. त्योहारी सीजन को देखते हुए एफडीए पूरे राज्य में अभियान चला रहा है. इस दौरान 2813 किलो दूध और डेयरी उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 7.38 लाख रुपये है.
ये भी पढ़ें; 1974 का वो सुपरहिट गाना जो 2026 के कॉर्पोरेट एम्प्लॉई पर बैठता है फिट, लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से बनाया सदाबहार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं