साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म संगीत ने अपनी रिलीज के 34 साल पूरे कर लिए हैं. फिल्म के मुख्य कलाकार अभिनेता जैकी श्रॉफ ने फिल्म से जुड़ी यादों को फिर से ताजा किया. अभिनेता ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म के स्टिल्स का एक मोंटाज शेयर किया, जिसमें माधुरी दीक्षित, नीतीश भारद्वाज, सतीश शाह, अरुणा ईरानी और परीक्षित साहनी भी हैं. मोंटाज में के. विश्वनाथ डायरेक्टेड फिल्म के कई यादगार पल हैं, जिसमें जैकी की सेथुराम के रूप में और माधुरी दीक्षित की डबल रोल वाली तस्वीरें शामिल हैं.
जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित की मुख्य भूमिका वाली 1992 की फिल्म संगीत का निर्देशन कसीनथुनी विश्वनाथ ने किया था. इसमें माधुरी दीक्षित ने फिल्म में मां और बेटी दोनों की दोहरी भूमिका (डबल रोल) निभाई थी. फिल्म में नितीश भारद्वाज, परीक्षित साहनी, शफी इनामदार, अरुणा ईरानी और सतीश शाह भी नजर आए थे.
हालांकि, फिल्म दर्शकों के दिलो में खास पहचान न बना सकी थी, लेकिन अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को डबल रोल के लिए काफी प्रशंसा मिली थी. यह फिल्म संगीत और कला के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में माधुरी दीक्षित ने एक संवेदनशील भूमिका निभाई थी, जिसकी काफी सराहना की गई थी. फिल्म का संगीत बहुत लोकप्रिय हुआ था और इसके गाने टी-सीरीज द्वारा जारी किए गए थे. इस फिल्म में 12 गाने थे और सभी पसंद किए गए थे. पंकज उधास, अनुराधा पौडवाल, सुरेश वाडेकर जैसे दिग्गज सिंगर्स ने इस फिल्म के गानों को अपनी आवाज दी थी.
कहानी की शुरुआत निर्मला से होती है, जो कला, संगीत और नृत्य से प्रेम करती है. शादी से पहले उसका जुड़ाव उपेन्द्र जोशी (नितीश भारद्वाज) से था. समय के साथ उसकी एक बेटी होती है जिसका नाम संगीता है.
जैकी श्रॉफ फिल्म में सेतुराम नाम के एक घूमंतू राजस्थानी लोक गायक की भूमिका में हैं, जो अपनी आजीविका के लिए शहर आता है. उसकी मुलाकात निर्मला और उसकी अंधी बेटी संगीता से होती है. सेतुराम और संगीता के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं और दोनों एक-दूसरे की कला का सम्मान करते हुए करीब आते हैं. संगीता एक सफल गायिका बनना चाहती है और सेतुराम इस सफर में उसका साथ देता है. इसी दौरान कहानी में परिवार और उसके छिपे हुए रिश्तों के कई राज सामने आते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं