माधुरी दीक्षित की शादी को 27 साल पूरे हो गए हैं. गुरुवार यानी 15 अक्तूबर को उनके पति और कार्डियोवैस्कुलर सर्जन डॉ. श्रीराम नेने ने इस मौके पर माधुरी को बधाई दी और साथ ही साथ शादी की एक अनसीन फोटो भी शेयर की. उन्होंने कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स कोर्टहाउस में हुई अपनी शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर कीं, जिनसे इस जोड़े की खूबसूरत शुरुआत की झलक मिलती है. डॉक्टर नेने ने सोशल मीडिया अकाउंट पर श्रीराम ने अपनी शादी के खास दिन की कई पुरानी तस्वीरें शेयर कीं. इनमें एक-दूसरे को अंगूठी पहनाने और परिवार व दोस्तों के साथ मिलकर अपनी नई शुरुआत का जश्न मनाने की तस्वीरें शामिल हैं.
तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "आज से 27 साल पहले, बेवर्ली हिल्स कोर्टहाउस में हमने एक-दूसरे का हाथ थामा और जिंदगी के एक नए सफर की शुरुआत की. हमें नहीं पता था कि जिंदगी हमें कहां ले जाएगी, लेकिन हम इतना जानते थे कि हम इस सफर को एक साथ तय करना चाहते हैं. दो बेहतरीन बेटे, अनगिनत यादें, कुछ चुनौतियां, ढेर सारी हंसी और जिंदगी भर का प्यार...आज भी अगर मुझे फिर से चुनना हो, तो मैं तुम्हें ही चुनूंगा."
"हमारे इस खूबसूरत सफर के लिए और आने वाले सभी नए चैप्टर्स के लिए! शादी की 27वीं सालगिरह मुबारक हो, मेरी जान. हम हमेशा साथ रहेंगे, अनंत तक और उससे भी आगे. #27YearsTogether #HappyAnniversary"
इन तस्वीरों में उनकी शादी के कुछ बेहद निजी और खास पल कैद हैं. एक तस्वीर में आइवरी रंग के खूबसूरत लिबास में माधुरी मुस्कुरा रही हैं, जबकि डार्क सूट और पैटर्न वाली टाई पहने श्रीराम उनकी उंगली में अंगूठी पहना रहे हैं. एक और तस्वीर में यह जोड़ा साथ पोज देता दिख रहा है, जो शायद उनके सेलिब्रेटरी मील के दौरान की है. मेज पर शैंपेन की एक बोतल भी रखी है. एक अन्य तस्वीर में, वे परिवार और दोस्तों के साथ अपनी नई शुरुआत का जश्न मनाते हुए टोस्ट रेज (जाम उठाते) हुए नजर आ रहे हैं. ये तस्वीरें माधुरी के जीवन के एक बिल्कुल नए अध्याय की झलक दिखाती हैं, जब उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर के शिखर पर होने के बावजूद लाइमलाइट से दूर जाने का फैसला किया, ताकि वे अमेरिका में श्रीराम के साथ अपना परिवार बसा सकें.
कहा जाता है कि 17 अक्टूबर 1999 को जब माधुरी ने श्रीराम से शादी की, तब वह 32 साल की थीं. 15 मई 1967 को जन्मीं माधुरी उस समय हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी स्टार्स में से एक थीं. कैलिफोर्निया में हुई उनकी शादी को काफी निजी रखा गया था. बता दें कि अमेरिका में पले-बढ़े कार्डियोवैस्कुलर सर्जन श्रीराम, बॉलीवुड और भारत में माधुरी की जबरदस्त सुपरस्टारडम से पूरी तरह अनजान थे. बाद की बातचीत में, माधुरी ने बताया कि ऐसे व्यक्ति से मिलना कितना सुखद था, जिसने उन्हें एक सेलिब्रिटी के नजरिए से नहीं देखा. उनकी मुलाकात माधुरी के भाई के जरिए हुई थी. शादी के बाद माधुरी डेनवर, कोलोराडो चली गईं, जहां श्रीराम अपने मेडिकल करियर को आगे बढ़ा रहे थे.
उन्होंने अपने फुल-टाइम एक्टिंग करियर से ब्रेक लिया और फैमिली लाइफ पर ध्यान दिया. मार्च 2003 में उनके बड़े बेटे अरिन का जन्म हुआ और उसके बाद मार्च 2005 में उनके छोटे बेटे रयान का जन्म हुआ. हालांकि वे कभी-कभार कुछ प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स के जरिए सिनेमा से जुड़ी रहीं, लेकिन इस दौरान माधुरी ने अपना ज्यादातर समय अपने बच्चों की परवरिश में बिताया. उन्होंने भारत की तरह मीडिया की चकाचौंध से दूर अपनी लाइफ इंजॉय की.
यह भी पढ़ें: बॉबी देओल से जब नाराज हो गए थे सलमान खान, पीछे भागे और आगे क्या हुआ...जानें किस्सा
2007 में, उन्होंने अनिल मेहता की म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'आजा नचले' से बड़े पर्दे पर वापसी की. इस फिल्म में उन्होंने 'दिया' नाम की एक डांसर का किरदार निभाया था, जो अपने गुरु के थिएटर को बचाने के लिए अपने होमटाउन वापस लौटती है. बाद में 2011 में यह परिवार अपने दोनों बेटों के साथ हमेशा के लिए भारत लौट आया. वापसी के बाद माधुरी ने धीरे-धीरे अपने फिल्मी करियर को फिर से शुरू किया और 'ये जवानी है दीवानी', 'गुलाब गैंग', 'टोटल धमाल', 'कलंक', 'मजा मा' और 'भूल भुलैया 3' जैसी फिल्मों में काम किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं