90 के दशक में दूरदर्शन पर कई सीरियल आए. जिन्होंने लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. इन सीरियल्स की ना केवल कहानियां बल्कि शुरुआत में आने वाले गाने भी काफी पॉपुलर हुए थे. 35 साल पुराना एक सीरियल था, जिसमें पाकिस्तान के सिंगर गुलाम अली की मशहूर गजल को सुनने को मिलती है. इस गाने का नाम ‘चुपके चुपके रात दिन आंसू बहाना याद है...' यह गजल हर किसी के दिल को छू जाती है. ज्यादातर लोग इसे पाकिस्तानी गजल गायक गुलाम अली की आवाज में जानते हैं, लेकिन कम लोग जानते हैं कि मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह ने भी इसे अपने खास अंदाज में गाया था.
घर-घर मशहूर हुई गजल
यह गजल उर्दू के मशहूर शायर और स्वतंत्रता सेनानी मौलाना हसरत मोहानी ने लिखी थी. इसमें पुरानी मोहब्बत की यादें, चुपके-चुपके बहते आंसू और बीते हुए प्यार के जमाने की बात कही गई है. गुलाम अली ने इसे 1982 की फिल्म ‘निकाह' में गाया और तब यह गजल घर-घर पहुंच गई. उनकी आवाज में यह गजल बहुत लोकप्रिय हुई.
लेकिन जगजीत सिंह ने इसे एक अलग रंग दिया. 1991 में दूरदर्शन पर प्रसारित टीवी सीरियल ‘कहकशां' में उन्होंने इस गजल को गाया. जगजीत सिंह ने खुद इसकी धुन बनाई और चार शेर गाए. गुलाम अली वाली धुन से अलग, जगजीत सिंह की गायकी थोड़ी गंभीर और भावपूर्ण है. इसमें दर्द और यादों का गहरा असर साफ सुनाई देता है. सीरियल ‘कहकशां' में उर्दू के छह मशहूर शायर हसरत मोहानी, जिगर मुरादाबादी, जोश मलीहाबादी, मजाज़ लखनवी, फिराक गोरखपुरी और मखदूम मोहिउद्दीन की जिंदगी को दिखाया गया है.
‘चुपके चुपके रात दिन' यूँ तो ग़ुलाम अली की बेहद मक़बूल ग़ज़ल है, पर इसे जगजीत सिंह ने भी गाया है। दूरदर्शन पर 1991 में प्रसारित हुए टीवी सिरीज़ ‘कहकशां' में उन्होंने इस ग़ज़ल को अपने ख़ास अंदाज़ में पेश किया था। चलिए, इस वीडियो में उस ग़ज़ल को सुनते हैं। https://t.co/34qrgYe0x0
— छोटी कविता (@ChhotiKavita) November 25, 2026
पुराने दिनों का याद दिलाती है गजल
सीरियल ‘कहकशां' उन दिनों दूरदर्शन पर आने वाले साहित्यिक और संगीत से जुड़े कार्यक्रमों में से एक था. उसमें जगजीत सिंह और चित्रा सिंह जैसे कलाकारों की गजलें सुनाई जाती थीं. सोशल मीडिया पर हाल ही में जगजीत सिंह की इस प्रस्तुति का वीडियो दोबारा वायरल हो रहा है. लोग इसे सुनकर पुराने दिनों की याद कर रहे हैं.
जगजीत सिंह की आवाज में यह गजल सुनने वाले कहते हैं कि इसमें एक अलग ही सुकून और दर्द है. गुलाम अली की गायकी जहां क्लासिकल और ठेठ गजल वाली है, वहीं जगजीत सिंह की शैली ज्यादा सरल और दिल को छूने वाली लगती है. दोनों ही संस्करण अपने-अपने तरीके से खास हैं.
यह भी पढ़ें | 44 साल पुरानी इस फिल्म की कहानी से ज्यादा मशहूर हुई इसकी गजल, 17 शेरों से रचा गया गाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं