माधुरी दीक्षित आज भले ही चुनिंदा फिल्मों में नजर आती हों, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उनकी फिल्मों की रफ्तार देखकर कोई भी हैरान रह जाए. 1989 और 1990, सिर्फ इन दो सालों में माधुरी की कुल 18 फिल्में रिलीज हुईं. उस वक्त वह महज 22 साल की थीं और बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों के साथ लगातार काम कर रही थीं. अनिल कपूर के साथ ‘राम लखन', सनी देओल के साथ ‘त्रिदेव', आमिर खान के साथ ‘दिल' और संजय दत्त के साथ ‘थानेदार' जैसी फिल्में इसी दौर में आईं. इनमें कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुईं, जबकि कुछ फिल्में नहीं चल सकीं. लेकिन इन दो सालों ने यह जरूर दिखा दिया कि माधुरी उस दौर की सबसे व्यस्त और तेजी से आगे बढ़ती अभिनेत्रियों में शामिल हो चुकी थीं.
एक साल में 9 फिल्में, अगले साल फिर 9 रिलीज
1989 में माधुरी की वर्दी, राम लखन, प्रेम प्रतिज्ञा, इलाका, मुजरिम, त्रिदेव, कानून अपना अपना, परिंदा और पाप का अंत रिलीज हुईं. इसके बाद 1990 में उनकी रफ्तार कम नहीं हुई. महासंग्राम, किशन कन्हैया, इज्जतदार, दिल, दीवाना मुझ सा नहीं, जीवन एक संघर्ष, सैलाब, जमाई राजा और थानेदार एक ही साल में रिलीज हुईं. यानी दो साल में 18 रिलीज. आज के दौर में जहां बड़े सितारों की एक फिल्म आने में सालों लग जाते हैं, माधुरी उस वक्त लगातार सेट से सेट और फिल्म से फिल्म की तरफ बढ़ रही थीं.
अनिल, सनी, आमिर और संजय के साथ दीं बड़ी हिट
1989 में अनिल कपूर के साथ आई ‘राम लखन' उस साल की बड़ी फिल्मों में शामिल रही. इसके बाद सनी देओल के साथ ‘त्रिदेव' ने भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की. इसके ‘राम लखन' और ‘त्रिदेव' भी सुपरहिट रही. 1990 में माधुरी के करियर को एक और बड़ा मोड़ मिला. आमिर खान के साथ उनकी फिल्म ‘दिल' उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी और इसी फिल्म के लिए माधुरी को अपना पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला. अनिल कपूर के साथ ‘किशन कन्हैया' और संजय दत्त के साथ ‘थानेदार' भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं.
हर फिल्म हिट नहीं थी, लेकिन माधुरी की रफ्तार नहीं रुकी
इन 18 फिल्मों में हर फिल्म ने सफलता हासिल नहीं की. 1990 में महासंग्राम, दीवाना मुझ सा नहीं, जीवन एक संघर्ष, सैलाब और जमाई राजा जैसी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक नहीं चलीं. लेकिन इसी साल ‘दिल' जैसी बड़ी सफलता ने माधुरी की स्टार पावर को और मजबूत कर दिया. दिलचस्प बात यह है कि 1989-90 का यही दौर माधुरी के उस सफर का अहम हिस्सा बना, जिसके बाद वह 90 के दशक की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं. दो साल, 18 रिलीज और बड़े-बड़े सितारों के साथ लगातार फिल्में. 22 साल की माधुरी की यह रफ्तार आज भी उनके करियर के सबसे दिलचस्प रिकॉर्ड्स में से एक है.
ये भी पढ़ें: Haiwaan Trailer: हैवान का सनसनीखेज ट्रेलर रिलीज, अक्षय कुमार और सैफ अली खान की टक्कर, जानें कौन खिलाड़ी, कौन अनाड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं