विज्ञापन

लापता लेडीज की माई से लेकर, अंधाधुन की सखू तक, छाया कदम के 5 दमदार किरदार जो दिखात हैं उनका दमदार अभिनय

भूतम भय्यम में छाया कदम जथाई के किरदार में नजर आती हैं, जो उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग है. जथाई के लुक को तैयार करने के लिए उन्होंने प्रोस्थेटिक्स का सहारा लिया, लेकिन सिर्फ लुक बदलना ही इस किरदार की तैयारी का हिस्सा नहीं था.

लापता लेडीज की माई से लेकर, अंधाधुन की सखू तक,  छाया कदम के 5 दमदार किरदार जो दिखात हैं उनका दमदार अभिनय
छाया कदम के 5 दमदार किरदार
नई दिल्ली:

तम भय्यम के स्ट्रीम होने के साथ ही छाया कदम एक बार फिर अपने अभिनय के एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं. फिल्म में वो रहस्यमयी जथाई का किरदार निभा रही हैं, जिसके लिए उन्होंने अपने लुक से लेकर हाव-भाव और बोलने के अंदाज तक पर खास काम किया है. हालांकि, छाया कदम की खासियत सिर्फ किसी एक तरह के किरदार को निभाने में नहीं है. उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में कभी गंभीर और भावुक तो कभी मजेदार और रहस्यमयी किरदारों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है. जथाई से लेकर अम्मा, मंजू माई और कंचन कोंबड़ी तक, उनके ये 5 किरदार उनकी अभिनय क्षमता के अलग-अलग रंग दिखाते हैं.

जथाई – भूतम भय्यम [Marathi Zee 5]

भूतम भय्यम में छाया कदम जथाई के किरदार में नजर आती हैं, जो उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग है. जथाई के लुक को तैयार करने के लिए उन्होंने प्रोस्थेटिक्स का सहारा लिया, लेकिन सिर्फ लुक बदलना ही इस किरदार की तैयारी का हिस्सा नहीं था. छाया ने उसकी चाल, हंसी, हाव-भाव और बात करने के अंदाज पर भी खास काम किया, ताकि जथाई की अपनी एक अलग पहचान बन सके. फिल्म में सात बेरोजगार दोस्तों को एक रहस्यमयी प्राचीन सिक्का मिलता है, जिसके बाद वे रानीवाडा हवेली और उससे जुड़े अलौकिक रहस्यों में उलझ जाते हैं. ऐसे में जथाई का किरदार कहानी के रहस्य को और बढ़ाता है. छाया ने इस किरदार को इस तरह निभाया है कि जथाई को समझना जितना मुश्किल है, उसे देखना उतना ही दिलचस्प.

अम्मा – सफेद [Hindi Zee 5]

सफेद में छाया कदम एक बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाई देती हैं. फिल्म में उन्होंने अम्मा का किरदार निभाया है, जो कहानी को एक भावनात्मक आधार देता है. फिल्म काली नाम की एक विधवा और चांदी नाम के एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति की जिंदगी को सामने लाती है, जो सामाजिक अस्वीकृति के बीच एक-दूसरे में साथ और अपनापन तलाशते हैं. अम्मा के किरदार में छाया का अभिनय काफी सहज और शांत है. जथाई जैसे रहस्यमयी किरदार के बाद उन्हें इस तरह की भावनात्मक भूमिका में देखना उनकी रेंज को साफ तौर पर दिखाता है. अम्मा के जरिए छाया बिना किसी बड़े प्रदर्शन के भी किरदार की भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाती हैं.

मंजू माई – लापता लेडीज [Netflix]

लापता लेडीज में मंजू माई के रूप में छाया कदम ने अपनी एक अलग छाप छोड़ी. फिल्म में वह एक चाय की दुकान चलाने वाली स्वतंत्र महिला का किरदार निभाती हैं, जिसकी मुलाकात फूल से होती है. अपने पति से अलग हो जाने के बाद फूल जिस स्थिति में पहुंचती है, वहां मंजू माई उसके लिए सिर्फ मदद का जरिया नहीं बनतीं, बल्कि उसे अपनी जिंदगी और आजादी को एक नए नजरिए से देखने का मौका भी देती हैं. छाया ने मंजू माई के किरदार में सहज हास्य के साथ एक व्यक्तित्व को भी खूबसूरती से सामने रखा. उनका किरदार फिल्म की कहानी में गर्मजोशी लेकर आता है और कम समय में ही दर्शकों के बीच अपनी जगह बना लेता है.

यह भी पढ़ें: नाना पाटेकर की 37 साल पुरानी वो फिल्म जिसकी IMDB रेटिंग 7.8, हॉलीवुड में भी बना रीमेक, एक्टर को दिलाया था नेशनल अवॉर्ड

कंचन कोंबड़ी – मडगांव एक्सप्रेस [Amazon Prime Video]

अगर छाया कदम की कॉमिक टाइमिंग देखनी हो, तो मडगांव एक्सप्रेस की कंचन कोंबड़ी एक बेहतरीन उदाहरण है. फिल्म में वह एक दबंग महिला गैंगस्टर की भूमिका में हैं, जिसकी वजह से तीन दोस्तों की गोवा ट्रिप और भी ज्यादा उलझ जाती है. कंचन आयुष को गणपत समझ लेती है और इसके बाद कहानी में गैंगस्टर्स, ड्रग्स और एक गायब बैग से जुड़ा पूरा हंगामा शुरू हो जाता है. छाया ने इस किरदार की बिंदास और थोड़ी अतिरंजित कॉमिक एनर्जी को पूरी तरह अपनाया है. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस इतनी प्रभावी है कि सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद कंचन कोंबड़ी फिल्म के याद रहने वाले किरदारों में शामिल हो जाती है.

सखू कौर – अंधाधुन [JioHotstar]

श्रीराम राघवन की अंधाधुन में छाया कदम सखू कौर के किरदार में नजर आई थीं. फिल्म में उनकी भूमिका भले ही छोटी हो, लेकिन वह अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में कामयाब रहती हैं. ट्विस्ट, डार्क ह्यूमर और लगातार बदलती परिस्थितियों से भरी इस फिल्म में सखू कौर भी कहानी की अनिश्चित दुनिया का हिस्सा बनती हैं. छाया की खासियत यहां भी देखने को मिलती है, जहां कम स्क्रीन टाइम के बावजूद वह किरदार को सहजता से निभाकर उसे यादगार बना देती हैं. यह भूमिका इस बात की भी मिसाल है कि किसी किरदार का प्रभाव हमेशा उसके स्क्रीन टाइम पर निर्भर नहीं करता. जथाई के रहस्यमयी अंदाज से लेकर अम्मा की भावनात्मक गहराई, मंजू माई की गर्मजोशी और कंचन कोंबड़ी की कॉमिक एनर्जी तक, छाया कदम ने हर भूमिका में खुद को एक अलग रंग में पेश किया है. यही विविधता उनकी फिल्मोग्राफी को खास बनाती है. वह किसी एक तरह की भूमिका या शैली में बंधने के बजाय हर नए किरदार के साथ कुछ अलग लेकर आती हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood News, Entertainment, Chhaya Kadam, Hindi News, Ndtv Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com