विज्ञापन

बॉलीवुड का वो विलेन, जिसे फिल्मों में लेने के लिए हीरो से ज्यादा फीस देते थे प्रोड्यूसर, फिल्में हुई फ्लॉप तो चला गया था कैलाश पर्वत

प्रेमनाथ कभी हिंदी सिनेमा के रोमांटिक हीरो हुआ करते थे, लेकिन बाद में अपनी दमदार खलनायकी से छा गए. पिता ने सेना में भेजा तो 100 रुपये लेकर मुंबई भाग आए. फिल्मों की असफलता से निराश होकर कैलाश पर्वत तक पहुंच गए थे.

बॉलीवुड का वो विलेन, जिसे फिल्मों में लेने के लिए हीरो से ज्यादा फीस देते थे प्रोड्यूसर, फिल्में हुई फ्लॉप तो चला गया था कैलाश पर्वत
हीरो से महंगा था बॉलीवुड का ये विलेन

हिंदी सिनेमा में कभी रोमांटिक हीरो बनकर लड़कियों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता प्रेमनाथ बाद में ऐसे विलेन बने, जिनकी एंट्री से कहानी में नया मोड़ आ जाता था. हालांकि, फिल्मों में अपनी पहचान बनाने का उनका सफर आसान नहीं था. पिता उन्हें अभिनेता नहीं, बल्कि फौजी बनाना चाहते थे. लेकिन अभिनय का जुनून ऐसा था कि प्रेमनाथ 100 रुपये लेकर मुंबई भाग आए. थिएटर से शुरुआत करने वाले प्रेमनाथ ने एक दौर में सुपरस्टार जैसी लोकप्रियता हासिल की, तो दूसरा दौर ऐसा भी आया जब फिल्मों की असफलता से निराश होकर वह कैलाश पर्वत तक चले गए.

प्रेमनाथ का जन्म 21 नवंबर 1926 को पेशावर में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है. बंटवारे के बाद उनका परिवार मध्य प्रदेश आ गया. उनके पिता करतारनाथ मल्होत्रा पुलिस विभाग में बड़े अधिकारी थे. कपूर खानदान से भी उनका रिश्ता था. पृथ्वीराज कपूर उनके रिश्तेदार थे और प्रेमनाथ उन्हें अपना गुरु मानते थे. बचपन से ही उन्हें फिल्मों में काम करने का शौक था. लेकिन पिता चाहते थे कि बेटा सेना में जाए. इसी वजह से उन्होंने प्रेमनाथ को सेना में भेज दिया.

हालांकि, प्रेमनाथ का मन वहां नहीं लगा. उनके बेटे मोंटी प्रेमनाथ ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता ने अपने पिता को चिट्ठी लिखकर 100 रुपये मांगे थे. उन्होंने बंदूक खरीदने का बहाना बनाया, लेकिन उन पैसों से मुंबई पहुंच गए. यहां वह सीधे पृथ्वीराज कपूर के पास गए और उनके थिएटर ग्रुप पृथ्वी थिएटर से जुड़ गए.

साल 1948 में फिल्म ‘अजीत' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. इसके बाद राज कपूर की ‘आग' और ‘बरसात' में नजर आए. ‘सगाई', ‘बुजदिल', ‘नौजवान' और ‘आन' जैसी फिल्मों ने उन्हें रोमांटिक हीरो के तौर पर पहचान दिलाई. उनकी गिनती राज कपूर, दिलीप कुमार और देव आनंद जैसे सितारों के बीच होने लगी.

इसी दौरान अभिनेत्री बीना राय से उनकी मुलाकात फिल्म ‘औरत' के सेट पर हुई. दोनों ने शादी कर ली और मिलकर पी.एन. फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस शुरू किया. लेकिन ‘शगूफा', ‘प्रिजनर ऑफ गोलकोंडा', ‘समुंदर', ‘हमारा वतन' और ‘चंगेज खान' जैसी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर खास कामयाबी नहीं मिली. लगातार असफलताओं और आर्थिक नुकसान ने प्रेमनाथ को काफी निराश कर दिया. बताया जाता है कि इस मुश्किल दौर में वह सांसारिक जिंदगी से दूर आध्यात्मिक शांति की तलाश में कैलाश पर्वत की यात्रा पर निकल गए थे.

हालांकि, प्रेमनाथ ने जल्द ही फिल्मों में वापसी की. साल 1970 में विजय आनंद की ‘जॉनी मेरा नाम' उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बनी. इसमें राय साहब के नेगेटिव किरदार ने उन्हें नई पहचान दिलाई. इसके बाद ‘बॉबी', ‘धर्मात्मा', ‘शोर', ‘रोटी कपड़ा और मकान', ‘कालीचरण', ‘विश्वनाथ' और ‘कर्ज' जैसी फिल्मों में उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं. इस तरह प्रेमनाथ ने हीरो से विलेन तक का सफर तय किया और दोनों रूपों में दर्शकों का दिल जीता. 3 नवंबर 1992 को 65 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.

ये भी पढ़ें: दर्द, विरह और बिछड़न से जन्मा था ये सुपरहिट गीत, कैलाश खेर ने मरते हुए पिता को देख था लिखा, रिलीज हुआ तो बन गया शादी-ब्याह की खुशियों का गाना
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prem Nath, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com