विज्ञापन

करीना ने ठुकराया, दीपिका ने बनाया यादगार, 13 साल बाद भी इस साउथ किरदार का खुमार है बरकरार

दीपिका पादुकोण का मिनम्मा किरदार 13 साल बाद भी लोगों को याद है. क्या आपको पता है कि पहले ये रोल करीना कपूर को ऑफर हुआ था, लेकिन उनके मना करने के बाद दीपिका पादुकोण को ये रोल मिला. साउथ इंडियन लुक और शाहरुख खान संग केमिस्ट्री ने इस किरदार को आइकॉनिक बनाया.

करीना ने ठुकराया, दीपिका ने बनाया यादगार, 13 साल बाद भी इस साउथ किरदार का खुमार है बरकरार
करीना कपूर ने जिस रोल को किया था रिजेक्ट, दीपिका ने बनाया उसे आइकॉनिक
नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में कुछ किरदार ऐसे होते हैं जो दर्शकों का मनोरंजन करते हैं, तो कुछ पॉप कल्चर का हिस्सा बन जाते हैं. 13 साल पहले आई 'चेन्नई एक्सप्रेस' भी एक ऐसी फिल्म है जिसमें किरदारों से लेकर के उसके गानों और किरदारों के साथ डॉयलॉग्स को भी खूब याद किया जाता है. आज भी दीपिका पादुकोण की मीना यानी मीनम्मा को हिंदी सिनेमा के सबसे पसंदीदा और आइकॉनिक महिला किरदारों में गिना जाता है.

मीनम्मा के किरदार ने किया दिलों पर राज

उस दौर में जब कमर्शियल फिल्मों में अक्सर एक्ट्रेसेज के लिए ज्यादा कुछ करने की गुंजाइश नहीं होती थी, तब मीनम्मा अपने अलग अंदाज, ह्यूमर और दिल से दर्शकों के बीच खास जगह बनाने में कामयाब रही. दीपिका ने सिर्फ मीनम्मा का किरदार नहीं निभाया, बल्कि अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग, एक्सप्रेशंस और स्क्रीन प्रेजेंस से उसे एक अलग पहचान दी. कभी अपने मजेदार वन-लाइनर्स से हंसाना हो या इमोशनल सीन्स में सच्चाई दिखानी हो, दीपिका ने मीनम्मा को सिर्फ फिल्म की हीरोइन बनकर नहीं रहने दिया.

मीनम्मा की आज तक बनी हुई पॉपुलैरिटी की सबसे बड़ी वजहों में उसके यादगार डायलॉग्स भी शामिल हैं. “हम लोग जहां से खड़ी होती, स्टेशन वहीं से शुरू होती,” “डोंट वरी, भागने में मेरा बहुत एक्सपीरियंस है,” और “थंगाबली किट्टा वराथे..” जैसे डायलॉग्स आज भी फैंस के बीच खूब बोले जाते हैं. दीपिका की खास डायलॉग डिलीवरी, मीनम्मा के अलग एक्सेंट और उनकी कॉमिक टाइमिंग ने इन लाइन्स को पॉप कल्चर का हिस्सा बना दिया, जिन्हें 13 साल बाद भी लोग तुरंत पहचान लेते हैं.

दीपिका- शाहरूख की केमिस्ट्री और लुक

मीनम्मा और शाहरुख खान के राहुल के बीच की केमिस्ट्री भी फिल्म की सबसे खास चीजों में से एक थी. दोनों की नोकझोंक ने फिल्म में हंसी के साथ एक गर्मजोशी भी जोड़ी. “कहां से खरीदी ऐसी बकवास डिक्शनरी?” जैसे मजेदार डायलॉग्स से लेकर मासूमियत और प्यार से भरे पलों तक, दोनों की केमिस्ट्री ने हर सीन को एंटरटेनिंग बना दिया. आज भी दोनों की जोड़ी को बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में गिना जाता है.

ये भी पढ़ें: 27 साल पुराना सावन का वो गाना, अलका-उदित-कुमार सानू ने घोली थी मिठास, राजस्थानी रंग में रंगी तब्बू-करिश्मा-सोनाली ने बनाया यादगार

डायलॉग्स के अलावा मीनम्मा का लुक भी काफी यादगार रहा. रंग-बिरंगी कांजीवरम साड़ियों, खूबसूरत कसावु साड़ियों और शानदार साउथ इंडियन वीव्स में दीपिका का लुक उनके किरदार की जड़ों से जुड़ी पर्सनैलिटी को पूरी तरह दिखाता था. आज भी मीनम्मा की साड़ियां दीपिका के सबसे यादगार ऑन-स्क्रीन लुक्स में शामिल हैं और फिल्म रिलीज होने के सालों बाद भी फैशन लवर्स को इंस्पायर करती हैं.

दीपिका ने हर चीज का रखा बैलेंस

हालांकि, मीनम्मा को खास बनाने वाली सबसे बड़ी बात थी कि दीपिका ने इस किरदार में हर चीज का सही बैलेंस रखा. मीनम्मा मजेदार थीं, लेकिन उनका किरदार सिर्फ मजाक बनकर नहीं रह गया. वह इमोशनल थीं, लेकिन उनकी मजबूती कहीं कम नहीं हुई और उनका चार्म उनकी सादगी पर हावी नहीं हुआ. यही वजह है कि अलग-अलग उम्र के दर्शक आज भी उनसे जुड़ाव महसूस करते हैं.

'चेन्नई एक्सप्रेस' के 13 साल पूरे होने के साथ ही मीनम्मा आज भी बॉलीवुड के यादगार किरदारों में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं. उनके आइकॉनिक डायलॉग्स आज भी बोले जाते हैं, उनकी साड़ियां आज भी याद की जाती हैं, शाहरुख खान के साथ उनकी केमिस्ट्री आज भी पसंद की जाती है और उनका मजेदार अंदाज आज भी दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान ले आता है. यह दीपिका पादुकोण की शानदार परफॉर्मेंस का ही कमाल है कि एक दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी मीनम्मा उनके सबसे पसंदीदा, यादगार और हमेशा याद रहने वाले किरदारों में शामिल हैं.

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था. 115 करोड़ बजट की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 423 करोड़ रुपए की कमाई की थी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood, Entertainment, Dipika Padukone
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com