31 जुलाई को करीना कपूर मीडिया के सामने रूबरू हुईं. मौका था उनकी फिल्म ‘दायरा' के ट्रेलर लॉन्च का जिसकी निर्देशिका मेघना गुलजार हैं और जिसमें करीना कपूर के साथ मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन काम कर रहे हैं. यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, ठीक उसी दिन जब करीना के पति सैफ अली खान के जीजा कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब' भी रिलीज हो रही है. ऐसे में दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने होंगी. करीना से जब इस क्लैश पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कुणाल की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि कुणाल एक शानदार अभिनेता हैं और हमारी इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं. कुणाल जैसी कॉमिक टाइमिंग किसी की नहीं है. यह ऐसी चीज है जिसे लेकर मुझे लगता है कि दो अच्छी फिल्मों के लिए सिनेमाघरों में जगह हो सकती है.
उन्होंने कहा, मुझे पता है कि उनकी फिल्म अच्छा करेगी. इसे देखना मजेदार होगा. यह एक कॉमेडी फिल्म है और लोग कुणाल का एक अलग पक्ष देखने वाले हैं और हां, मैं चाहती हूं कि दोनों फिल्में अच्छा करें. यह बहुत मजेदार होने वाला है. दोनों फिल्में अच्छा करें, यही मेरी कामना है.
करीना ने आगे कहा, अगर दोनों फिल्में चलती हैं तो गोल्ड मेरे घर में आएगा. मेरी और मेरे ब्रदर-इन-लॉ की फिल्म है, तो क्यों नहीं? मैं बहुत खुश हूं और मुझे पूरा यकीन है कि दोनों फिल्में बहुत अच्छा करेंगी.”
करीना कपूर ने जिस तरह कुणाल खेमू की तारीफ की उससे साफ है कि वह दोनों फिल्मों के क्लैश को लेकर बिल्कुल परेशान नहीं हैं. उनका मानना है कि दर्शकों के लिए एक ही रिलीज डेट पर दो अच्छी फिल्मों के लिए जगह हो सकती है. खास तौर पर दोनों फिल्मों की कहानियां और जॉनर अलग हैं, इसलिए दोनों अपनी-अपनी ऑडियंस को आकर्षित कर सकती हैं.
‘दायरा' की बात करें तो फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं. फिल्म में करीना कपूर के साथ मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल में नजर आएंगे. मेघना गुलजार इससे पहले भी अपनी फिल्मों में गंभीर और संवेदनशील विषयों को प्रभावशाली तरीके से पेश कर चुकी हैं. ऐसे में ‘दायरा' को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: OTT की 8 एपिसोड की ये वेब सीरीज पूरे परिवार के साथ देख सकते हैं आप, तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द है कहानी
वहीं कुणाल खेमू की ‘वाइब' एक कॉमेडी फिल्म है और करीना के मुताबिक इस फिल्म में दर्शकों को कुणाल का एक अलग पक्ष देखने को मिलेगा. कुणाल अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं और करीना ने भी बातचीत के दौरान उनकी इसी खूबी को खास तौर पर रेखांकित किया.
अब 18 सितंबर को जब ‘दायरा' और ‘वाइब' एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होंगी तब बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों का मुकाबला दिलचस्प होगा. एक तरफ मेघना गुलजार की फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की जोड़ी है, तो दूसरी तरफ कुणाल खेमू कॉमेडी के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस डबल रिलीज को किस तरह से लेते हैं और बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों में से कौन बाजी मारता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं