विज्ञापन

‘ठाकुर सज्जन सिंह’ की मदद के लिए आगे आए थे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, 20 लाख की राशि खाते में थी भिजवाई

अनुपम श्याम ‘ठाकुर सज्जन सिंह’ बनकर अमर हुए. लेकिन उनका प्रतापगढ़ से मुंबई तक का सफर आसान नहीं था. इतना ही नहीं आखिरी समय में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाया था. 

‘ठाकुर सज्जन सिंह’ की मदद के लिए आगे आए थे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, 20 लाख की राशि खाते में थी भिजवाई
योगी आदित्यनाथ ने की थी अनुपम श्याम की मदद
नई दिल्ली:

अभिनेता अनुपम श्याम ओझा आज भी 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' में निभाए गए किरदार 'ठाकुर सज्जन सिंह' को लेकर लोगों के बीच मशहूर हैं. उन्होंने छोटे पर्दे से लेकर फिल्मों तक दमदार आवाज, प्रभावशाली अभिनय और अलग अंदाज की वजह से खास पहचान बनाई थी. अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुआ था. उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई प्रतापगढ़ में पूरी की. इसके बाद अवध विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की और फिर लखनऊ स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी में थिएटर की पढ़ाई की. यहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं. वह प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दिल्ली के श्रीराम सेंटर रंगमंडल से जुड़े और रंगमंच पर लगातार काम किया. उन्होंने थिएटर में अनुभव लेने के बाद सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया. 

मुंबई पहुंचने के बाद शुरु हुआ संघर्ष का दौर

मुंबई पहुंचने के बाद उनका सफर आसान नहीं था. शुरुआत में उनको छोटे-छोटे किरदार मिले. दिलचस्प बात यह है कि उनके फिल्मी करियर की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय फिल्म 'लिटिल बुद्धा' से हुई. इसके बाद उन्होंने शेखर कपूर की चर्चित फिल्म 'बैंडिट क्वीन' में काम किया. इसके बाद उन्होंने आगे चलकर 'लगान', 'नायक', 'शक्ति', 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'वांटेड', 'हल्ला बोल' और 'रक्त चरित्र' जैसी कई फिल्मों में दमदार मौजूदगी दर्ज कराई. उन्हें अक्सर खलनायक या दबंग किरदार निभाने का मौका मिलता था. 

ये भी पढ़ें- 90s की वेडिंग कैसेट्स में जरुर होगा 1996 में आई फिल्म का गाना, अल्का याग्निक और उदित नारायण की आवाज का छाया जादू, कहलाता है पॉपुलर वेडिंग सॉन्ग

ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार से हुए फेमस

फिल्मों में लंबे समय तक काम करने के बावजूद उन्हें असली पहचान साल 2009 में लोकप्रिय धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' से मिली। इस सीरियल में उन्होंने ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और 'ठाकुर सज्जन सिंह' से ज्यादा पहचानने लगे. बाद में उन्होंने 'प्रतिज्ञा 2', 'कृष्णा चली लंदन', 'डोली अरमानों की' समेत कई अन्य टीवी सीरियल्स में भी अभिनय किया. 

योगी आदित्यनाथ ने बढ़ाया मदद का हाथ 

जिंदगी का आखिरी दौर उनके लिए काफी मुश्किलों भरा रहा. वह लंबे समय तक किडनी की गंभीर बीमारी से जूझते रहे और उन्हें नियमित डायलिसिस कराना पड़ता था. इलाज का खर्च बढ़ने से आर्थिक परेशानी भी सामने आई. उस समय उनके भाई ने लोगों से मदद की अपील की थी. बाद में एक इंटरव्यू में खुद अनुपम श्याम ने बताया था कि जब उनकी बीमारी की जानकारी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिली, तो उन्होंने इलाज के लिए 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अस्पताल के खाते में भिजवाई. इसी मदद से उनका इलाज आगे बढ़ सका. 

बीमारी में भी पूरी की मन की आवाज प्रतिज्ञा 2 की शूटिंग

उन्होंने बताया था कि सीएम योगी आदित्यनाथ उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे और उनके काम की सराहना करते थे. इलाज के दौरान कुछ समय के लिए उनकी तबीयत में सुधार भी आया और वे दोबारा काम पर लौटे. उन्होंने 'मन की आवाज प्रतिज्ञा 2' की शूटिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन उनकी सेहत लगातार बिगड़ती रही. अभिनेता अनुपम श्याम का 8 अगस्त 2021 को मुंबई के लाइफलाइन अस्पताल में 63 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी. 

ये भी देखें-TV सीरियल 'प्रतिज्ञा' में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाने वाले अनुपम श्याम नहीं रहे

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anupam Shyam, Yogi Adityanath, Tv News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com