शादियों में दूल्हा-दुल्हन की एंट्री हमेशा से खास रही है. पहले जहां दुल्हन शर्माती हुई धीरे-धीरे जयमाला की स्टेज तक पहुंचती थी, वहीं दूल्हा भी थोड़ी झिझक और मुस्कान के साथ अपनी दुल्हन को वरमाला पहनाता था. लेकिन सोशल मीडिया और रील्स के दौर में शादी के ये पुराने अंदाज अब तेजी से बदल रहे हैं. आजकल दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए डांस परफॉर्मेंस से लेकर फिल्मी गानों पर रील्स तक बनाते नजर आते हैं. दुल्हनें डांस करते हुए एंट्री ले रही हैं तो दूल्हे भी जमकर ठुमके लगाते दिख जाते हैं. लेकिन हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में दुल्हन ने तो अपने दूल्हे का स्वागत करने के लिए खुद ही डांस फ्लोर संभाल लिया.
काजोल के गाने पर दुल्हन ने किया जबरदस्त डांस
इंस्टाग्राम पर Anjali Kalosiya नाम के यूजर ने अपनी शादी का एक वीडियो शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मेरी वेडिंग एंट्री'. वीडियो में देखा जा सकता है कि दूल्हा घोड़े पर सवार होकर बारात के साथ शादी के लिए पहुंच रहा है. वहीं सामने लाल जोड़े में सजी-धजी दुल्हन उसका इंतजार करती नजर आती है. लेकिन दूल्हे के आने पर वह चुपचाप खड़ी रहने के बजाय बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘साजन जी घर आए' पर डांस करना शुरू कर देती है.
दुल्हन के डांस ने खींचा लोगों का ध्यान
लाल लहंगे, हैवी ज्वेलरी और फुल मेकअप में सजी दुल्हन जिस तरह पूरे कॉन्फिडेंस के साथ डांस करती है, उसने लोगों का ध्यान खींच लिया. वह गाने के हर बीट पर शानदार स्टेप्स करती दिखाई दे रही है. वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है जैसे दुल्हन ने शादी की एंट्री को किसी प्रोफेशनल डांस परफॉर्मेंस में बदल दिया हो. खास बात यह है कि वह अपने दूल्हे का स्वागत करने के लिए खुद आगे आकर डांस कर रही है.
लाखों लोगों ने देखा वीडियो
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया. इसे अब तक 7 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि 46 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है. वीडियो पर लोगों के मजेदार कमेंट्स भी देखने को मिल रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘पागलपंती की हद होती है.' वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, ‘जब दूल्हा और लहंगा दोनों ही दुल्हन को पसंद हो तो ऐसा होता है.' एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘लगता है भूल गई कि इसी की शादी है.' हालांकि कुछ लोगों ने दुल्हन के डांस की तारीफ भी की और कहा कि डांस तो वाकई बहुत अच्छा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं