हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन जिम कैरी एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. 64 साल की उम्र में अभिनेता ने कथित तौर पर तीसरी बार शादी कर ली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर मिन आह के साथ शादी की है, जो उम्र में उनसे करीब आधी हैं. खास बात यह है कि दोनों ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक बेहद निजी रखा. बताया जा रहा है कि शादी लॉस एंजिलिस में एक छोटी और प्राइवेट सेरेमनी में हुई, जिसमें सिर्फ परिवार और बेहद करीबी लोग शामिल हुए. जिम कैरी के प्रवक्ता ने 30 सितंबर को PEOPLE से बातचीत में शादी की खबर की पुष्टि की है.
कई सालों से एक-दूसरे के साथ थे जिम कैरी और मिन आह
जिम कैरी और मिन आह ने अपने रिश्ते को कभी खुलकर मीडिया के सामने नहीं रखा. हालांकि, दोनों को कई बार एक साथ देखा जा चुका है. फरवरी 2022 में उनकी तस्वीरें सामने आई थीं, जब दोनों लॉस एंजिलिस में आयोजित एक चैरिटी कॉमेडी शो से बाहर निकलते हुए नजर आए थे. उस वक्त भी दोनों ने अपने रिश्ते पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया था. इसके बाद भी उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को कैमरों और मीडिया की नजरों से दूर रखा. दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर लगातार चुप्पी बनाए रखी और सार्वजनिक जगहों पर भी बेहद कम साथ नजर आए.
सीजर अवॉर्ड्स में पहली बार रिश्ते पर की थी बात
मिन आह और जिम कैरी की जोड़ी पहली बार करीब सात महीने पहले फ्रांस में आयोजित सीजर अवॉर्ड्स समारोह में सार्वजनिक रूप से नजर आई थी. इस समारोह में जिम कैरी को सम्मानित किया गया था. अवॉर्ड स्वीकार करते हुए अभिनेता ने फ्रेंच भाषा में भाषण दिया और अपने परिवार के कई सदस्यों का जिक्र किया. इसी दौरान उन्होंने मिन आह को भी याद किया और उन्हें अपनी ‘सब्लाइम कंपैनियन' यानी बेहद खास साथी बताया. उनके इस संबोधन के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी.
पहले भी दो बार शादी कर चुके हैं अभिनेता
जिम कैरी की यह पहली शादी नहीं है. अभिनेता इससे पहले दो बार शादी के बंधन में बंध चुके हैं. उनकी पहली शादी 1987 में मेलिसा वॉमर से हुई थी. दोनों की एक बेटी जेन है. करीब आठ साल बाद 1995 में दोनों का तलाक हो गया. इसके अगले साल यानी 1996 में जिम ने अभिनेत्री लॉरेन हॉली से शादी की, जो उनकी फिल्म ‘डंब एंड डंबर' में उनकी को-स्टार भी थीं. हालांकि, यह शादी भी ज्यादा समय नहीं चल सकी और 1997 में दोनों अलग हो गए. अब लगभग तीन दशक बाद जिम कैरी ने मिन आह के साथ अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं