विज्ञापन

दूरदर्शन का 42 साल पुराना वो शो जिसकी लंदन में हुई थी मांग, किशोर कुमार की आवाज में टाइटल ट्रैक बना लकी, IMDb रेटिंग आज भी 8.7

सिर्फ 13 एपिसोड के इरादे से शुरू हुए इस शो को दर्शकों ने ऐसा प्यार दिया कि सफर 67 एपिसोड तक पहुंच गया. किशोर कुमार की आवाज में सजा टाइटल ट्रैक इसकी पहचान बना और लोकप्रियता ऐसी रही कि लंदन तक इसके एपिसोड की मांग होने लगी.

दूरदर्शन का 42 साल पुराना वो शो जिसकी लंदन में हुई थी मांग, किशोर कुमार की आवाज में टाइटल ट्रैक बना लकी, IMDb रेटिंग आज भी 8.7
दूरदर्शन के इस शो को किशोर कुमार ने दी थी आवाज

80 के दशक में जब घर-घर में मनोरंजन का सबसे बड़ा जरिया दूरदर्शन हुआ करता था, तब एक ऐसा कॉमेडी शो आया जिसने टीवी देखने का अंदाज ही बदल दिया. नाम था ‘ये जो है जिंदगी'. साल 1984 में शुरू हुआ यह शो आम मिडिल क्लास परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी और उससे जुड़ी छोटी-छोटी परेशानियों को मजेदार अंदाज में दिखाता था. शो की कहानी रंजीत वर्मा, उनकी पत्नी रेणु और रेणु के भाई राजा के आसपास घूमती थी. सिर्फ 67 एपिसोड में इस शो ने ऐसी लोकप्रियता हासिल की कि आज भी इसे भारतीय टीवी के शुरुआती हिट सिटकॉम में याद किया जाता है.

शफी इनामदार, स्वरूप संपत और राकेश बेदी थे मुख्य चेहरे

‘ये जो है जिंदगी' में शफी इनामदार ने रंजीत वर्मा, स्वरूप संपत ने रेणु वर्मा और राकेश बेदी ने राजा का किरदार निभाया था. शो में सतीश शाह भी नजर आए और उनकी खासियत यह थी कि वह अलग-अलग एपिसोड में अलग किरदार निभाते थे. उनकी कॉमेडी शो की पहचान बन गई थी. इसके अलावा टीकू तलसानिया ने भी शो में काम किया था.

पहले सिर्फ 13 एपिसोड बनाने की थी तैयारी

इस शो की शुरुआत भी काफी दिलचस्प तरीके से हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने शुरुआत में सिर्फ 13 एपिसोड बनाने का फैसला किया था. लेकिन शुरुआती एपिसोड को दर्शकों का इतना प्यार मिला कि शो को आगे बढ़ाया गया. इसकी कहानी मशहूर व्यंग्यकार और लेखक शरद जोशी ने लिखी थी, जबकि कुंदन शाह, मंजुल सिन्हा और रमन कुमार ने निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली थी. शो की खास बात यह थी कि इसकी कॉमेडी किसी बड़े ड्रामे पर नहीं, बल्कि परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी पर आधारित थी.

किशोर कुमार की आवाज ने टाइटल ट्रैक को बनाया खास

‘ये जो है जिंदगी' का टाइटल ट्रैक महान गायक किशोर कुमार ने गाया था. यह गाना शो की पहचान बन गया और आज भी इसके साथ जुड़ी सबसे यादगार चीजों में गिना जाता है. उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक, यह किशोर कुमार के टीवी के लिए गाए शुरुआती गानों में से एक था. शो की लोकप्रियता भारत तक सीमित नहीं रही. लंदन में भी इसके एपिसोड के टेप की मांग का जिक्र मिलता है. आज भी इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि SonyLIV पर इसकी पूरी सीरीज 67 एपिसोड के साथ उपलब्ध है, जबकि IMDb पर इसकी रेटिंग 8.7 बताई गई है.

यह भी पढ़ें: धुरंधर में नए अंदाज में चला माधुरी-संजय का ये 36 साल पुराना गाना, बप्पी लहरी की आवाज में हुआ था सुपरहिट, रील्स में खूब नाचते हैं Gen-Z और Millennials

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yeh Jo Hai Zindagi, Doordarshan, Entertainment, TV
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com