बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. मुंबई पुलिस ने अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है. इमरान खान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है. इमरान ने इस नोटिस की कॉपी रिसीव कर ली है. यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है. पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था. अब इमिग्रेशन एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद मामला फिर से चर्चा में आ गया है. हालांकि अब इमरान खान की अपकमिंग फिल्म पर इस मामले का असर पड़ सकता है, जिस पर करोड़ों का दांव लगा है.
इमरान खान की अपकमिंग फिल्म
इमरान खान की अपकमिंग फिल्म अधूरे हम अधूरे तुम है, जिसका बजट 34 करोड़ के आसपास तक का है. ndtv को मिली जानकारी के अनुसार फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. फिल्म का निर्देशन दानिश आलम ने किया है. जबकि इमरान खान के अलावा भूमि पेडनेकर और गुरफतेह पीरजादा लीड रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म की रिलीज डेट हालांकि अभी सामने नहीं आई है. लेकिन इमरान खान के मामले के बाद इस फिल्म पर विवाद शुरू हो सकता है. गौरतलब है कि इमरान खान का कैमियो पिछली फिल्म हैप्पी पटेल में देखने को मिला था. हालांकि लीड रोल में वीर दास थे, जिसके चलते यह उनकी फुल फ्लेज मूवी नहीं थी.
यह भी पढ़ें | Jailer 2 Review: सिनेमाघरों में रिलीज हुई जेलर 2, फर्स्ट डे फर्स्ट शो पर जानें कैसी है रजनीकांत की जेलर 2
इमरान खान की आखिरी फिल्म
इमरान खान की आखिरी फुल फ्लेज फिल्म कट्टी बट्टी थी, जिसमें वह कंगना रनौत के साथ नजर आए थे. यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जिसका डायरेक्शन निखिल आडवाणी ने किया था. फिल्म का बजट 32 से 34 करोड़ का था, जिसने भारत में केवल 23.75 करोड़ कमाए थे. वहीं वर्ल्डवाइड 42 करोड़ तक का था, जिसके चलते यह फ्लॉप साबित हुई.
इमरान खान मामला
दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था. यह प्रदर्शन दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में था. प्रदर्शनकारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) से जुड़े विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. इसी प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे.
प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान समेत बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया था. पुलिस ने अगस्त क्रांति मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी थी. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई थी. इस दौरान इमरान को पुलिस वाहन में ले जाते हुए वीडियो भी सामने आए थे, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे. हालांकि बाद में अभिनेता को रिहा कर दिया गया था. इसके बाद मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़े मामले में इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी. अब अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. पुलिस की यह कार्रवाई इमरान के भारतीय नागरिक नहीं होने और भारत में रहते हुए राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने से जुड़ी है.
यह भी पढ़ें | आमिर खान के भांजे को देश छोड़ने का नोटिस, जानें कहां की हैं इमरान खान के पास नागरिकता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं