बॉलीवुड के मशहूर सिंगर उदित नारायण की आवाज का जादू आज भी लोगों के सिर चढ़कर बोलता है. उनके गाए रोमांटिक गानों से लेकर मस्ती भरे गीतों तक, हर गाने को दर्शकों ने खूब प्यार दिया है. 90 के दशक में उदित नारायण बॉलीवुड की पहचान बन गए थे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हिंदी सिनेमा में बड़ा नाम बनने से पहले उदित नारायण नेपाल में सुपरस्टार हुआ करते थे. इतना ही नहीं, उन्होंने सिर्फ अपनी आवाज से ही नहीं, बल्कि एक्टिंग से भी लोगों का दिल जीता था. उनकी एक नेपाली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा इतिहास रचा था, जिसे लंबे समय तक याद किया गया.
नेपाली सिनेमा में छाए थे उदित नारायण
उदित नारायण ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने से पहले नेपाली फिल्मों में भी काम किया था. साल 1985 में रिलीज हुई फिल्म 'कुसुमे रुमाल' उनके करियर की खास फिल्मों में से एक रही. इस फिल्म में उदित नारायण ने अमर नाम का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ नीर शाह, तृप्ति नादकर और भुवन केसी जैसे कलाकार भी नजर आए थे.
तुलसी घिमिरे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला. फिल्म की कहानी और संगीत दोनों ही लोगों को पसंद आए. यही वजह रही कि यह फिल्म उदित नारायण के करियर में मील का पत्थर साबित हुई.
25 हफ्ते तक सिनेमाघरों में चली थी फिल्म
'कुसुमे रुमाल' ने नेपाली बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था. यह फिल्म लगातार 25 हफ्तों तक सिनेमाघरों में लगी रही थी. इस उपलब्धि के साथ इसने नेपाली सिनेमा में खास रिकॉर्ड बनाया. इतना ही नहीं, यह उस दौर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नेपाली फिल्मों में शामिल रही और करीब 16 साल तक इसका रिकॉर्ड कायम रहा. साल 2001 में आई फिल्म 'दर्पण छाया' ने इसका रिकॉर्ड तोड़ा था.

41 साल बाद भी पसंद किए जाते हैं फिल्म के गाने
'कुसुमे रुमाल' की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इसका संगीत भी था. फिल्म के छह गाने आज भी संगीत प्रेमियों के बीच पसंद किए जाते हैं. इन गानों को रंजीत गजमेर ने कंपोज किया था. फिल्म में उदित नारायण ने अभिनय के साथ अपनी आवाज भी दी थी.
फिल्म के चर्चित गानों में 'कुसुमे रुमाल', 'काइचे मा सारी', 'तिमि नभये', 'सुना भाना ना', 'भुलिगाए समझा लै' और 'रेली खोला बगारा' शामिल हैं. इन गानों को उदित नारायण, दीपा झा, भारती घिमिरे और श्रवण घिमिरे ने आवाज दी थी.
बाद में उदित नारायण ने हिंदी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई. 'पापा कहते हैं', 'पहला नशा', 'जादू तेरी नजर', 'मेहंदी लगा के रखना', 'परदेसी परदेसी' और 'चांद छुपा बादल में' जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. आज भी उनके गाने संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें | उदित नारायण का 90s का वो गाना जो बना कॉलेज के लड़की-लड़कों का फेवरेट, 31 साल से Gez-Z के मम्मी-पापा भी खूब करत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं