विज्ञापन

महमूद के घर की एक पार्टी, जिसमें 9 साल के नईम की बदली किस्मत, 265 फिल्मों से बने जूनियर महमूद

बॉलीवुड के मशहूर बाल कलाकार जूनियर महमूद का असली नाम नईम सैय्यद था. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्हें जूनियर महमूद नाम कैसे मिला? इसके पीछे एक दिलचस्प किस्सा जुड़ा हुआ है.

महमूद के घर की एक पार्टी, जिसमें 9 साल के नईम की बदली किस्मत, 265 फिल्मों से बने जूनियर महमूद
9 साल की उम्र में मिली पहली फिल्म, फिर महमूद ने दिया जूनियर महमूद नाम
Youtube
नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार हुए हैं, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी और अनोखे अंदाज से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. इन्हीं में से एक नाम है जूनियर महमूद का. अपनी कॉमिक टाइमिंग, मजेदार डायलॉग डिलीवरी और शानदार डांस से लोगों को हंसाने वाले जूनियर महमूद का असली नाम नईम सैय्यद था. उन्होंने बतौर बाल कलाकार फिल्मी दुनिया में कदम रखा और देखते ही देखते अपनी अलग पहचान बना ली. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्हें जूनियर महमूद नाम कैसे मिला था? इसके पीछे एक ऐसी दिलचस्प कहानी है, जिसका कनेक्शन दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन महमूद के घर की एक बर्थडे पार्टी से है.

ऐसे मिली थी फिल्मों में एंट्री

जूनियर महमूद का जन्म 15 नवंबर 1956 को मुंबई में हुआ था. बचपन से ही उन्हें फिल्मों और एक्टिंग में दिलचस्पी थी. उनके भाई फिल्मों के सेट पर फोटोग्राफर के तौर पर काम करते थे. ऐसे में नईम को भी कई बार शूटिंग देखने का मौका मिलता था. धीरे-धीरे फिल्मों के प्रति उनका आकर्षण बढ़ने लगा. जूनियर महमूद के फिल्मों में आने की कहानी भी काफी दिलचस्प है. एक बार उनके भाई उन्हें फिल्म की शूटिंग देखने के लिए सेट पर ले गए थे. वहां उन्हें चुपचाप बैठने की हिदायत दी गई थी. उस समय फिल्म 'कितना नाजुक है दिल' की शूटिंग चल रही थी. एक बाल कलाकार अपने डायलॉग बार-बार भूल रहा था. यह देखकर जूनियर महमूद से रहा नहीं गया और उन्होंने मजाक में टिप्पणी कर दी.

जब निर्देशक ने उनसे पूछा कि क्या वह ये डायलॉग बोल सकते हैं, तो उन्होंने आत्मविश्वास से कहा कि वह जॉनी वॉकर के डायलॉग भी बोल सकते हैं. उनकी इसी बात ने उन्हें फिल्म में काम करने का मौका दिला दिया. उस वक्त उनकी उम्र महज 9 साल थी.

महमूद से नाराज हो गए थे नईम

एक बार फिल्म 'सुहागरात' की शूटिंग के दौरान दिग्गज अभिनेता महमूद की बेटी का जन्मदिन था. इस मौके पर उन्होंने फिल्म की पूरी यूनिट को अपने घर बुलाया था. नईम भी वहां जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें न्योता नहीं मिला. इस बात से वह काफी नाराज हो गए. उन्होंने महमूद से शिकायत करते हुए कहा कि क्या उन्हें इसलिए नहीं बुलाया गया, क्योंकि उनके पिता कोई प्रोड्यूसर या डायरेक्टर नहीं हैं? नईम की यह बात सुनकर महमूद ने उन्हें पार्टी में आने के लिए कहा. इसके बाद नईम ने वहां ऐसा डांस किया कि सभी देखते रह गए. उन्होंने फिल्म 'गुमनाम' के मशहूर गाने 'हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं' पर शानदार परफॉर्मेंस दी. उनका अंदाज महमूद को इतना पसंद आया कि उन्होंने नईम को अपना शिष्य बना लिया.

इस पार्टी में नईम की प्रतिभा देखकर महमूद काफी प्रभावित हुए. इसके बाद उन्होंने दादर के रंजीत स्टूडियो में नईम को बुलाया और उनकी कलाई पर गंडा बांधकर उन्हें अपना चेला बनाया. इसी के साथ उन्हें 'जूनियर महमूद' नाम भी दिया. बस फिर क्या था, नईम सैय्यद की पहचान जूनियर महमूद के रूप में बनने लगी.

ये भी पढ़ें: Nirahua-Amrapali Dubey Chhath Song: निरहुआ-आम्रपाली दुबे का छठ गीत, मानल मनौती में मांगी बच्चे की सलामती की दुआ, ऐसे मिला छठी मां का आर्शीवाद

7 अलग भाषाओं में 265 फिल्मों में किया काम

जूनियर महमूद ने अपने लंबे फिल्मी करियर में सात अलग-अलग भाषाओं की करीब 265 फिल्मों में काम किया. 'गीत गाता चल', 'दीवानगी' और 'अंखियों के झरोखे से' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया. बाल कलाकार के तौर पर उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि निर्माता उनकी कॉमेडी और डांस को फिल्मों के लिए खास आकर्षण मानते थे. बाद में फिल्मों में पहले जैसी सफलता नहीं मिली तो उन्होंने टेलीविजन की दुनिया का रुख किया. वह 'प्यार का दर्द है मीठा-मीठा प्यारा-प्यारा', 'एक रिश्ता साझेदारी का' और 'तेनाली राम' जैसे सीरियल्स में नजर आए.

8 दिसंबर 2023 को पेट के कैंसर के कारण 67 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. भले ही आज जूनियर महमूद हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कॉमेडी, शानदार डांस और फिल्मों से जुड़े दिलचस्प किस्से हमेशा दर्शकों की यादों में जिंदा रहेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Junior Mehmood Career, Junior Mehmood Movie List, Hum Kale Hai To Song, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com