सैफ अली खान फिल्म ‘हैवान' में हीरो की भूमिका निभा रहे हैं, जो 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन के साथ सैफ की पहली साझेदारी है. साथ ही इस फिल्म के जरिए वह 18 साल बाद अक्षय कुमार के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर कर रहे हैं. अभिनेता सैफ अली खान इस शुक्रवार (11 सितंबर) ‘हैवान' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर और गानों से पहले ही खुलासा हो चुका है कि सैफ फिल्म में ब्लाइंड किरदार निभा रहे हैं. हालांकि फिल्म की कहानी अभी भी रहस्य बनी हुई है, लेकिन अब सैफ ने फिल्म के एक्शन सीन्स को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं.
अभिनेता ने बताया कि फिल्म में उनका किरदार मार्शल आर्ट्स जानता है और एक बेहद दमदार एक्शन सीन में नजर आता है. सैफ ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा, “यह एक ऐसा सीन है जिसकी शुरुआत बहुत शानदार तरीके से होती है, क्योंकि दूसरे किरदार मेरे किरदार को प्रताड़ित करते हैं और उसे बुरी तरह पीटते हैं, लात मारते हैं और थप्पड़ मारते हैं. दर्शक के तौर पर आप चाहते हैं कि वह पलटकर जवाब दे और आखिरकार वह ऐसा करता भी है.”
स्टंट मास्टर सिल्वा की तारीफ करते हुए सैफ ने कहा, “उस फाइट को सिल्वा ने बहुत शानदार तरीके से कोरियोग्राफ किया है और इसमें कोई स्पेशल इफेक्ट नहीं जोड़ा गया है. इसमें कोई डुप्लीकेट भी नहीं था. इन सीन्स में बनावटीपन बहुत कम है. कमरे में हर तरफ टूटे हुए कांच पड़े हैं. यह बहुत रॉ और कुछ हद तक हिंसक था और इसे करना बेहद थका देने वाला था. इसके बाद मुझे दो दिन तक लेटना पड़ा.”

Photo Credit: Instagram/@akshaykumar
उन्होंने आगे स्वीकार किया, “मुझे लगा था कि मैं ठीक हूं, लेकिन मैं पूरी तरह थक चुका था, क्योंकि एक्शन सीन इतना ज्यादा इंटेंस था. यह CGI या हार्नेस की मदद से किए गए एक्शन सीन्स नहीं थे, बल्कि पूरी तरह रॉ फाइट थी. इसे करना वाकई बहुत मजेदार था.”
सैफ ने बताया कि इस एक्शन सीन के लिए उन्होंने पहले से कोई खास तैयारी या ट्रेनिंग नहीं ली थी. हालांकि, उन्होंने स्टंट डायरेक्टर के साथ सीन की रिहर्सल जरूर की थी. उन्होंने याद करते हुए कहा, सीन से पहले ज्यादा तैयारी नहीं हुई थी. मैंने ट्रेनिंग के लिए कहा था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. हालांकि हमने कुछ मूव्स की रिहर्सल जरूर की थी, लेकिन हमारा मकसद इसे पूरी तरह रॉ रखना था. मुझे याद है कि सीन की शूटिंग के बाद फर्श पर टूटे हुए फोटो फ्रेम और तोड़ी गई अलमारियों के कांच के बहुत सारे टुकड़े पड़े थे.”
ये Video भी देखें: सैफ अली खान ने जवानों के साथ बेली पूरियां
सैफ ने आगे कहा, “सौभाग्य से ज्यादा चोटें नहीं आईं, लेकिन कुछ कट और चोट के निशान तो हमेशा हो जाते हैं. हालांकि फिल्म में यह सीन कहानी की वजह से काफी प्रभावी लगता है. जब उसके साथ इतना बुरा किया जाता है, तो आप भी चाहते हैं कि वह उन लोगों की जमकर पिटाई करे. सिल्वा ने इसे बहुत अच्छी तरह से किया है. वह एक मास्टर हैं.” ‘हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में सैफ अली खान और अक्षय कुमार 18 साल बाद दोबारा साथ नजर आएंगे. फिल्म में बोमन ईरानी, सायामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में हैं.
यह भी पढ़ें: 38 साल पहले महाभारत में बना घटोत्कच, प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात बोले- पहले 160 किलो का था अब हल्का हो गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं