नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई नई मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन' रिलीज होते ही दर्शकों की नजरों में आ गई है. या यूं कहें कि पहली पसंद बनती दिख रही है. सात एपिसोड की यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर 24 सितंबर 2026 को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हुई. हर एपिसोड करीब आधे घंटे का है और इसे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु तथा अंग्रेजी में भी देखा जा सकता है. पैन इंडिया के साथ साथ इंटरनेशन अप्रोच के साथ आई इस सीरीज में परिणीति चोपड़ा लीड रोल में हैं. मतलब साफ है कि ओटीटी की दुनिया में ये परिणीति का पहला कदम है जो कि सक्सेसफुल नजर आ रहा है.
परिणीति ने एक मां का किरदार निभाया है, जिसकी नवजात बेटी का अपहरण हो जाता है. नौ साल तक वह बेटी की तलाश में जुटी रहती हैं. इस दौरान शक, संदेह और छिपे रहस्यों का जाल धीरे-धीरे खुलता है. कहानी में भरोसे और शक के बीच की पतली रेखा को बहुत करीब से दिखाया गया है. परिणीति के साथ जेनिफर विंगेट, सोनी राजदान, ताहिर राज भसीन, सुमीत व्यास, अनूप सोनी, हरलीन सेठी और ध्रुव चौधरी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. हर किरदार अपने रहस्यों के साथ कहानी को और उलझाता है. इस सीरीज का डायरेक्शन रेंसिल डी'सिल्वा ने किया है और कहानी भी उन्होंने लिखी है. सिद्धार्थ पी.मल्होत्रा और सपना मल्होत्रा ने अल्केमी प्रोडक्शंस के बैनर तले इस सीरीज को प्रोड्यूस किया है. दोनों ने पहले भी नेटफ्लिक्स के लिए काम किया है.
रिलीज के महज एक दिन में ही सीरीज ट्रेंडिंग लिस्ट में टॉप पर पहुंच गई. दर्शक इसके सस्पेंस और इमोशनल साइड की तारीफ कर रहे हैं. अगर आप रहस्य और थ्रिलर से भरी कहानी पसंद करते हैं तो ‘शक: ट्रस्ट नो वन' देख सकते हैं. ये सीरीज इस वक्त (27 सितंबर) नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में पहले नंबर पर है. अगर आप परिणीति का काम पसंद करते हैं और उन्हें पर्दे पर देखना इंजॉय करते हैं तो भी ये सीरीज आपके लिए परफेक्ट है क्योंकि परिणीति लंबे समय से बड़े पर्दे से गायब रही हैं. थियेटर में उनकी आखिरी फिल्म साल 2023 में आई मिशन रानीगंज थी. इसके बाद उनकी अमर सिंह चमकीला आई थी जो कि नेटफ्लिक्स पर ही रिलीज हुई थी.
यह भी पढ़ें: OTT पर आते ही 4 दिन टॉप ट्रेंड में छाई ये फ्लॉप फिल्म, तीन महीने पहले थियेटर में हुआ था बुरा हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं