विज्ञापन

Gondhal Review: ‘गोंधळ’ की सिनेमैटोग्राफी और निर्देशन शानदार, लेकिन कहानी की नवीनता करती है निराश, इलैयाराजा का संगीत छूता है दिल

मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ को भारत की ओर से 99वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए आधिकारिक तौर पर भेजा गया है. हालांकि, यह फिल्म पहले मराठी भाषा में रिलीज हो चुकी है, लेकिन अब 13 नवंबर, शुक्रवार को इसका हिंदी संस्करण भी सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है.

Gondhal Review: ‘गोंधळ’ की सिनेमैटोग्राफी और निर्देशन शानदार, लेकिन कहानी की नवीनता करती है निराश, इलैयाराजा का संगीत छूता है दिल
Gondhal Review: ‘गोंधळ’ की सिनेमैटोग्राफी और निर्देशन शानदार
NDTV

मराठी फिल्म ‘गोंधळ' को भारत की ओर से 99वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए आधिकारिक तौर पर भेजा गया है. हालांकि, यह फिल्म पहले मराठी भाषा में रिलीज हो चुकी है, लेकिन अब 13 नवंबर, शुक्रवार को इसका हिंदी संस्करण भी सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है. फिल्म का निर्देशन, लेखन और निर्माण संतोष दावखर ने किया है. फिल्म में ईशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम, सुरेश विश्वकर्मा, निशाद भोइर, अनुज प्रभु और विट्ठल काले जैसे कलाकार नजर आते हैं. फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अमलेंदु चौधरी ने संभाली है.

कहानी

‘गोंधळ' की कहानी महाराष्ट्र के एक गांव में घटित होती है और घटनाओं का पूरा ताना-बाना एक रात के इर्द-गिर्द बुना गया है. गांव के एक रसूखदार व्यक्ति के घर में उसके बेटे की शादी हो रही है. इसी शादी के दौरान गोंधळ की पारंपरिक रस्म निभाई जा रही है और इस रस्म के बीच कुछ ऐसी घटनाएं घटती हैं, जो धीरे-धीरे कहानी को आगे बढ़ाती हैं. फिल्म के जरिए गांव की राजनीति, पुरानी परंपराओं, सामाजिक मान्यताओं और आज के समाज में महिलाओं की स्थिति को सामने लाने की कोशिश की गई है.

कहां कमजोर पड़ती है फिल्म?

फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी कहानी की रफ्तार है. चूंकि पूरी कहानी गांव में शादी और गोंधळ की परंपरा के दौरान घटित होती है, इसलिए फिल्म का काफी समय उस माहौल को स्थापित करने में चला जाता है. हालांकि, निर्देशक संतोष दावखर ने गांव के वातावरण को बेहद खूबसूरती और प्रामाणिकता के साथ पर्दे पर उतारा है, लेकिन दर्शक काफी देर तक इस बेचैनी में रहता है कि आखिर फिल्म कहना क्या चाहती है और इसका मूल मुद्दा क्या है?

दूसरी बात यह है कि जिन दर्शकों का गांव की जिंदगी और वहां की परंपराओं से कोई खास जुड़ाव नहीं है और जिन्हें तेज रफ्तार सिनेमा देखने की आदत है, उन्हें फिल्म थोड़ी धीमी लग सकती है. ऐसे दर्शकों के लिए फिल्म से जुड़ पाना आसान नहीं होगा.

फिल्म की एक और कमी, जो मेरी व्यक्तिगत राय भी है, इसकी कहानी की नवीनता को लेकर है. फिल्म की शुरुआत और उसका ग्रामीण परिवेश देखकर ऐसा लगता है कि दर्शकों को कोई बिल्कुल अलग और साधारण जीवन से जुड़ी कहानी देखने को मिलेगी, लेकिन आगे चलकर कहानी में धोखे, अफेयर और सत्ता की राजनीति जैसे पहलू सामने आते हैं. इस तरह के विषयों पर हम पहले भी कई फिल्में और वेब सीरीज देख चुके हैं. इसलिए कहानी में कुछ नया देखने की उम्मीद पूरी तरह पूरी नहीं होती. हालांकि, यह भी सच है कि एक फिल्मकार को अपनी पसंद की कहानी कहने की पूरी स्वतंत्रता है.

फिल्म की एक और कमी एक बच्चे से जुड़े दृश्य को लेकर है. ग्रामीण परिवेश की सहजता और मासूमियत के बीच कहानी जिस मोड़ पर पहुंचती है और जिस तरह का दृश्य दिखाया जाता है, वह थोड़ा असहज करता है. ऐसा लगता है कि समाज की कुछ कड़वी सच्चाइयों को दिखाने के लिए उस दृश्य से बचा भी जा सकता था. इसके अलावा, उस घटना का बच्चे पर क्या असर पड़ता है, इसे भी फिल्म में आगे पर्याप्त रूप से नहीं दिखाया गया है. मुझे लगता है कि निर्देशक इस पहलू पर थोड़ा और ध्यान दे सकते थे.

फिल्म का क्लाइमेक्स भी कहीं न कहीं मुझे ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा' की याद दिलाता है.

फिल्म की खूबियां

फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसकी सिनेमैटोग्राफी है. गांव में बिजली नहीं है, लेकिन इसके बावजूद सिनेमैटोग्राफर अमलेंदु चौधरी ने जिस तरह से रोशनी का इस्तेमाल किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है. कई बार तो ऐसा लगता ही नहीं कि दृश्यों में कृत्रिम रोशनी का इस्तेमाल किया गया है. अंधेरे और सीमित रोशनी के बीच जिस खूबसूरती से गांव का माहौल कैमरे में कैद किया गया है, उसके लिए सिनेमैटोग्राफर की तारीफ बनती है.

सिनेमैटोग्राफी की एक और खास बात फिल्म में इस्तेमाल किए गए वन-शॉट टेक हैं. फिल्म का शुरुआती दृश्य ही करीब 25 मिनट लंबा वन-टेक शॉट है. इस तरह का दृश्य फिल्माना आसान नहीं होता. इसके लिए कैमरे की लगातार मूवमेंट, कलाकारों की टाइमिंग, संवादों को याद रखना, रिहर्सल और पहले से की गई सटीक योजना की जरूरत होती है. निर्देशक संतोष दावखर और सिनेमैटोग्राफर अमलेंदु चौधरी ने इस चुनौती को जिस कुशलता से निभाया है, वह प्रभावित करता है.

निर्देशन की बात करें तो एक-दो पहलुओं को छोड़ दें, जिनका जिक्र कमजोरियों में किया गया है, तो संतोष दावखर का काम शानदार है. गांव का प्रामाणिक वातावरण, असली गोंधळ गाने वाले कलाकारों का इस्तेमाल, गांव के लोगों का रहन-सहन, रिश्तेदारों के बीच की नोकझोंक और उनके स्वभाव की बारीकियां, इन सबको निर्देशक ने बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है. फिल्म देखते हुए कई मौकों पर ऐसा महसूस होता है कि आप किसी फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के किसी गांव में हो रही शादी को करीब से देख रहे हैं.

इलैयाराजा का संगीत फिल्म की एक और बड़ी ताकत है. उनका संगीत कहानी के माहौल के साथ खूबसूरती से मेल खाता है. खास तौर पर उनके द्वारा कंपोज किया गया एक गाना दिल को छू जाता है.

अभिनय की बात करें तो फिल्म के सभी कलाकारों ने अच्छा काम किया है. खास तौर पर किशोर कदम और ईशिता देशमुख अपने अभिनय से प्रभावित करते हैं. कलाकारों ने अपने किरदारों को जिस सहजता से निभाया है, उससे फिल्म के ग्रामीण परिवेश को विश्वसनीयता मिलती है.

फिल्म का स्क्रीनप्ले भी तारीफ का हकदार है. इस तरह की कहानी, जिसमें कई घटनाएं एक ही रात और एक सीमित परिवेश में घटित होती हैं, उसे लिखना और फिर कलाकारों तथा सिनेमैटोग्राफर के जरिए पर्दे पर उसी प्रभाव के साथ उतारना आसान नहीं है. इस लिहाज से स्क्रीनप्ले की मेहनत साफ नजर आती है.

कुल मिलाकर ‘गोंधळ' ऐसी फिल्म है जिसकी सबसे बड़ी ताकत इसका निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, प्रामाणिक ग्रामीण परिवेश और कलाकारों का अभिनय है.

फिल्म को मेरी तरफ से 3.5 स्टार.

यह भी पढ़ें | एक रात, एक नवविवाहिता और कई खौफनाक राज, ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 'गोंधल' का हिंदी ट्रेलर रिलीज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gondhal, Gondhal Box Office, Gondhal Box Office Collection, Gondhal Release Date, Gondhal Collection
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com