विज्ञापन

एक रात, एक नवविवाहिता और कई खौफनाक राज...ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 'गोंधल' का हिंदी ट्रेलर रिलीज

ऑस्कर की दौड़ में शामिल मराठी फिल्म ‘गोंधल’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है. एक रात, कई रहस्य और रिश्तों की उलझनों से भरी यह कहानी अब 7 भाषाओं में दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचने जा रही है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है.

एक रात, एक नवविवाहिता और कई खौफनाक राज...ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 'गोंधल' का हिंदी ट्रेलर रिलीज
गोंधल का ट्रेलर हुआ रिलीज

फिल्म ‘गोंधल' (Gondhal) को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. निर्देशक संतोष दावखर की इस फिल्म का ग्लोबल ट्रेलर रिलीज हो चुका है. मनोवैज्ञानिक रहस्य और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित यह फिल्म अपनी कहानी और अनोखे विषय के कारण चर्चा में है. खास बात यह है कि फिल्म 13 नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में सात भाषाओं में रिलीज होने जा रही है. हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और अंग्रेजी में रिलीज होने वाली यह पहली मराठी फिल्म होगी, जिसे इतने बड़े स्तर पर अलग-अलग भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा.

‘गोंधल' के ट्रेलर में क्या है खास?

फिल्म का ट्रेलर एक ऐसी दुनिया की झलक दिखाता है, जहां परंपराओं के बीच कई अनकहे रहस्य छिपे हैं. इसके दृश्यों में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को खास जगह दी गई है. वहीं, कहानी में मौजूद रहस्य दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का संकेत देते हैं.

ट्रेलर में रिश्तों की उलझन, इंसानी इच्छाओं और मन के भीतर चलने वाले संघर्षों को दिखाया गया है. इसके दृश्य यह सवाल भी खड़ा करते हैं कि आखिर एक रात में ऐसा क्या होता है, जो कई लोगों की जिंदगी बदलकर रख देता है.

क्या है फिल्म की कहानी?

‘गोंधल' की कहानी सुमन नाम की एक नवविवाहिता के इर्द-गिर्द घूमती है. सुमन अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं है और एकरसता से बाहर निकलना चाहती है. इसी दौरान उसके घर में परिवार की परंपरा के अनुसार देवी की पूजा के लिए गोंधल का आयोजन किया जाता है. इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सुमन की मुलाकात गोंधली कलाकार से होती है. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगती हैं और यहीं से कहानी एक नया मोड़ लेती है.

फिल्म की कहानी एक ही रात में आगे बढ़ती है. इस दौरान किरदारों के बीच रिश्तों की कड़वाहट, लालच, धोखा और छिपी इच्छाएं सामने आने लगती हैं. एक तरफ देवी की आराधना चल रही होती है, तो दूसरी तरफ इंसान अपने स्वार्थ और भावनाओं के बीच उलझे होते हैं.

ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री है ‘गोंधल'

‘गोंधल' को 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है. फिल्म बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में अपनी दावेदारी पेश कर रही है. इसके अलावा, दूसरी कैटेगरी में भी फिल्म पर विचार किया जा रहा है. फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों को इसकी कहानी और सिनेमाघरों में रिलीज का इंतजार है.

सात भाषाओं में दुनियाभर में होगी रिलीज

‘गोंधल' 13 नवंबर, 2026 को भारत के साथ-साथ अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और अफ्रीका सहित कई देशों में रिलीज होगी. सात भाषाओं में फिल्म को रिलीज करने का मकसद इसे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाना है. मराठी सिनेमा के लिए यह एक खास कदम माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार किसी मराठी फिल्म को इतने बड़े वैश्विक स्तर पर सात भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: 37 साल पुराना गाना, जिसे हर शादीशुदा महिला जीवन में एक बार जरूर है गाती, सास-ससुर ननद सबका जिक्र, अमर हो गया श्रीदेवी का रंगीन मिजाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gondhal, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com