विज्ञापन

गोलमाल एक्ट्रेस पर हुआ 1 करोड़ का कर्ज, 'आत्मा' बेचकर करनी पड़ी सी ग्रेड फिल्में, कहा- हम सब दिवालिया हो गए

एक्ट्रेस ने कहा, क्या मैंने अपनी आत्मा बेची? हां मैंने अपनी आत्मा बेची. क्या मुझे अच्छा लगा? मुझे उस वक्त अच्छा नहीं लगा. आज भी उसे लेकर अच्छा नहीं लगता. 

गोलमाल एक्ट्रेस पर हुआ 1 करोड़ का कर्ज, 'आत्मा' बेचकर करनी पड़ी सी ग्रेड फिल्में, कहा- हम सब दिवालिया हो गए
सुष्मिता मुखर्जी ने वीडियो शेयर कर बताया पति और उन पर एक करोड़ का कर्ज था
नई दिल्ली:

एक्ट्रेस सुष्मिता मुखर्जी ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दिनों को याद किया और खुलासा किया कि क्यों उन्होंने उन प्रोजेक्ट को किया, जिन्हें लेकर वह सम्मानित महसूस नहीं करतीं. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में एक्ट्रेस ने कहा कि आर्थिक दबाव, बढ़ते कर्ज और परिवार की जिम्मेदारी के कारण उन्हें ऐसा काम करना पड़ा, जो उनकी क्रिएटिव इच्छाओं के अनुरूप नहीं था. जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि सुष्मिता मुखर्जी ने गोलमाल जैसी फिल्मों में काम किया है और हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है. 

सुष्मिता मुखर्जी ने वीडियो में क्या कहा

गोलमाल एक्ट्रेस ने  अपनी जिंदगी के मुश्किल दिनों में प्रोफेशनल च्वॉइस के बारे में बताया और कुबूल किया कि उन्होंने उन प्रोजेक्ट्स को किया, जिनसे वह खुश नहीं थी. लेकिन फाइनेंशियल दिक्कतों के कारण करना पड़ा. लेटेस्ट वीडियो में उन्होंने कहा, किसी ने मुझसे पूछा, मैम, आपने बुरी फिल्मों में काम क्यों किया? मैं हैरान थीं क्योंकि अपनी जिंदगी के बारे में पीछे मुड़कर देखना और यह सोचना बहुत परेशान करने वाला है कि 'मैंने ऐसी सेक्सिस्ट, C-ग्रेड फिल्मों में काम क्यों किया, जो महिलाओं का अपमान करती थीं.'

आगे एक्ट्रेस ने कहा, "क्या मैंने अपनी आत्मा बेची? हां मैंने अपनी आत्मा बेची. क्या मुझे अच्छा लगा? मुझे उस वक्त अच्छा नहीं लगा. आज भी उसे लेकर अच्छा नहीं लगता. लेकिन मैं बेबस थी. अगर मैं आपको अपनी जिंदगी के हालात के बारे में बताऊं, तो 2002 में मेरे और मेरे पति की मीडिया कंपनी, 'प्रयास प्रोडक्शन' बंद हो गया था. उस पर एक करोड़ का कर्ज था. हमारे साथ-साथ 'ट्रैक सिनेमा' और 'अनिल चौधरी प्रोडक्शन' भी दिवालिया हो गए थे. तो दरवाजे पर कर्ज मांगने वाले और रिकवरी करने वाले लोग आते थे, वे हमें बुरा-भला कहते थे. वह बहुत बुरा समय था, मेरे बच्चे बहुत छोटे थे. इसलिए मुझे मजबूरी में फिर से काम शुरू करना पड़ा, जो भी पैसे आते थे, उनसे मुझे एक करोड़ का कर्ज चुकाना पड़ता था."

'पति और मैंने मेहनत कर चुकाया कर्ज'

सुष्मिता मुखर्जी ने कहा, "मेरे पति और मैंने 3-4 साल बाद उस लोन को चुकाने के लिए बहुत मेहनत की. इसीलिए मुझे वह सारा काम करना पड़ा. मुझे वे फैसले लेने पड़े. "  कर्ज चुकाने के साथ साथ एक्ट्रेस ने अपनी बेटी को भी पढ़ाया और आगे कि पढ़ाई के लिए विदेश भेजा. उन्होंने कहा, "वह पढ़ाई में अच्छी थी. इसलिए मैंने उसे विदेश भेज दिया. मेरे पति राष्ट्रवादी थे. वे कहते थे, क्या भारत में अच्छे स्कूल और कॉलेज नहीं हैं? लेकिन किसी न किसी तरह, मेरा मन हुआ, इसलिए मैंने उसे विदेश भेज दिया.उसने बहुत महंगी पढ़ाई की. वो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड पढ़ने गईं. इसलिए मुझे उसके लिए भी पैसे कमाने थे. इसलिए मैंने वे फैसले लिए. "

अब अपनी मर्जी का चुनती हैं काम

आगे उन्होंने कहा, "बेशक, मुझे कोई पछतावा नहीं है, बिल्कुल नहीं. मैंने उन्हें अच्छी शिक्षा दी, वे अपने पैरों पर खड़े हैं. लेकिन उसी वजह से मुझे ये सारे फैसले लेने पड़े. मुझे खराब काम भी करना पड़ा. इसलिए मुझे लगता है कि हर व्यक्ति का अपना पैमाना होना चाहिए. वह क्यों काम कर रहा है? वह पैसे क्यों कमा रहा है? सुरक्षा के लिए, क्रिएटिव संतुष्टि के लिए, मजबूरी में, या पेट भरने के लिए, बच्चों को पढ़ाने के लिए... आपको कोई न कोई फैसला तो करना ही पड़ता है. लेकिन अब मैं ऐसा कोई काम नहीं करती जो मेरे दिल को न छुए. अब मैं वही करती हूं, जो मेरा मन करता है. सम्मान के साथ अच्छा कमाती हूं और जो प्रोजेक्ट्स कर रही हूं, उनसे खुश हूं. हम एक्टर्स हैं. हमारे पास हमेशा चुनाव करने की आजादी नहीं होती. हम एक बड़ी मशीन का छोटा सा हिस्सा हैं. कभी-कभी घर चलाने के लिए हमें काम करना पड़ता है."
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Golmaal, Susmita Mukherjee, Bollywood, Golmaal Actress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com