आज यानी 3 जून को ब्लॉकबस्टर फिल्म 'रेडी' को रिलीज हुए 15 साल पूरे हो गए हैं. सलमान खान की ये फिल्म 2011 की सबसे बड़ी हिट मे से एक थी और इसके गानों से लेकर कहानी तक को दर्शकों का खूब प्यार मिला था. लेकिन इस खास मौके पर एक्ट्रेस कुब्रा सैत के उस दिलचस्प किस्से को याद करना बनता है, जो उन्होंने अपनी शुरुआती बॉलीवुड जर्नी को लेकर साझा किया था. 'सैक्रेड गेम्स' से घर-घर में पहचान बनाने से पहले, कुब्रा ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ''रेडी' में एक छोटा लेकिन अहम किरदार निभाया था, जो उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ.
सलमान खान की फिल्म ने बदली जिंदगी
एक पुराने इंटरव्यू में कुब्रा ने बताया था कि उन्होंने जब 'रेडी' में एक छोटे से रोल के लिए ऑडिशन दिया था, तो वे काफी उत्साहित थीं. कुब्रा ने कहा था, 'यह वही ऑडिशन था, जिसमें मैंने एक छोटी ब्लैक ड्रेस पहनी थी और अनीस बज्मी के ऑफिस में उनके आने और हां कहने का इंतजार कर रही थी. इस फिल्म में मुझे एक मेड का किरदार निभाना था और मैं इसे लेकर बहुत एक्साइटेड थी. मेरे अंदर जो आत्मविश्वास था, वह इसलिए क्योंकि यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था. मैंने इससे पहले कभी फिल्म नहीं की थी.'

कुब्रा ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान ने उन्हें नोटिस किया और कथित तौर पर उनके किरदार में कुछ डायलॉग्स भी जोड़ दिए, जिससे उन्हें स्क्रीन पर ज्यादा स्पेस मिला. यह छोटा सा कदम उनके शुरुआती करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक बन गया.
लोगों ने कहा 'मैं पागल हूं'
अपने इस फैसले को याद करते हुए, कुब्रा कहती हैं कि कई लोगों ने उन्हें 'रेडी' में इतना छोटा रोल करने के लिए पागल और जल्दबाज तक कहा था. कुब्रा ने कहा था, 'हर किसी ने मुझसे कहा कि मैं पागल हूं, मैं जल्दबाज हूं कि मैंने 'रेडी' में सुनैना कपूर का रोल किया. लेकिन अगर मैंने 'रेडी' नहीं की होती, अगर मैं इतनी पागल नहीं होती, तो मैं कभी 'कुकू' नहीं बन पाती, इसलिए कभी भी किसी भी काम के लिए ‘ना' मत कहो. कोई रोल छोटा नहीं होता, सिर्फ अभिनेता छोटे होते हैं.'

रेडी का बजट और कलेक्शन
सलमान खान की रेडी 2011 में रिलीज हुई थी. रेडी इसी नाम की तेलुगू फिल्म का रीमेक थी जो 2008 में रिलीज हुई थी. फिल्म में सलमान खान और असिन लीड रोल में थे. सलमान खान की फिल्म ने 30 करोड़ के बजट में 186 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
कुब्रा सैत और 'सैक्रेड गेम्स'
कुब्रा बेंगलुरु से हैं और मशहूीर एक्ट्रेस, मॉडल और टीवी होस्ट हैं. टीवी शो और मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाली कुब्रा को असली ब्रेक मिला 2018 में नेटफ्लिक्स की 'सैक्रेड गेम्स' में कुक्कू (ट्रांसजेंडर बार डांसर) का किरदार निभाकर. इसके बाद उन्होंने 'गली बॉय', 'सुल्तान' और 'सन ऑफ सरदार 2' में भी रोल किए. कुब्रा 2022 में अपनी आत्मकथा 'ओपन बुक' भी प्रकाशित कर चुकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं