विज्ञापन

37 साल पुराना गाना, राजस्थान की मिट्टी में रंगी डिंपल कपाड़िया, पूनम ढिल्लन, अमृता सिंह, अलका-अनुराधा-कविता की आवाज ने बनाया यादगार

तीन सुरों का जादू, तीन हसीनाओं की अदाएं और राजस्थान की मिट्टी की खुशबू...यही वजह है कि यह गीत दशकों बाद भी लोगों की जुबां पर बसा हुआ है.

37 साल पुराना गाना, राजस्थान की मिट्टी में रंगी डिंपल कपाड़िया, पूनम ढिल्लन, अमृता सिंह, अलका-अनुराधा-कविता की आवाज ने बनाया यादगार
अलका, कविता और अनुराधा ने मिलकर गाया था यह गाना

90 के दशक की शुरुआत में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में संगीत का अंदाज तेजी से बदल रहा था. इस दौर में लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसी दिग्गज गायिकाओं के साथ अलका याग्निक, अनुराधा पौडवाल और कविता कृष्णमूर्ति की आवाज का भी खूब जादू चल रहा था. इन तीनों सिंगर्स के बीच प्रोफेशनल कॉम्पिटिशन की बातें भी अक्सर सामने आती थीं, लेकिन संगीत के प्रति उनका जुनून कई बार उन्हें एक साथ ले आया. ऐसा ही एक खूबसूरत उदाहरण साल 1989 में आई फिल्म ‘बटवारा' का गाना ‘थारे वास्ते रे ढोला' है. इस गाने में तीनों गायिकाओं की आवाज का ऐसा मेल सुनने को मिला, जिसे आज भी संगीत प्रेमी पसंद करते हैं.

तीन मशहूर आवाजों ने मिलकर बनाया यादगार गीत

फिल्म ‘बटवारा' का निर्देशन जे. पी. दत्ता ने किया था. साल 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे. खास तौर पर ‘थारे वास्ते रे ढोला' ने अपनी अलग पहचान बनाई. इस गीत को अलका याग्निक, अनुराधा पौडवाल और कविता कृष्णमूर्ति ने मिलकर गाया था. उस समय की तीन लोकप्रिय गायिकाओं का एक ही गाने में साथ आना संगीत प्रेमियों के लिए किसी खास अनुभव से कम नहीं था. गाने के बोल हसन कमाल ने लिखे थे और इसका संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की मशहूर जोड़ी ने तैयार किया था.

डिंपल, अमृता और पूनम पर फिल्माया गया था गाना

‘थारे वास्ते रे ढोला' की एक और खास बात यह थी कि इसमें बॉलीवुड की तीन खूबसूरत अभिनेत्रियां डिंपल कपाड़िया, अमृता सिंह और पूनम ढिल्लों नजर आई थीं. गाने को तीनों के किरदारों के हिसाब से फिल्माया गया था. इसकी लोकेशन और अंदाज में राजस्थान की संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है. पारंपरिक राजस्थानी कपड़े, रेगिस्तान का नजारा और लोक संगीत से मिलती-जुलती धुन इस गाने को खास बनाती है. फिल्म में धर्मेंद्र और विनोद खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे.

37 साल बाद भी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है गाना

आज के दौर में पुराने बॉलीवुड गानों को सोशल मीडिया पर एक बार फिर खूब पसंद किया जा रहा है. इंस्टाग्राम रील्स से लेकर शॉर्ट वीडियो तक, 90 के दशक के कई गाने नए अंदाज में वायरल हो रहे हैं. इसी कड़ी में ‘थारे वास्ते रे ढोला' भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. हाल ही में अनुराधा पौडवाल ने एक इंटरव्यू में अलका याग्निक के साथ अपने प्रोफेशनल मुकाबले को लेकर बात की थी. इसके बाद पुराने दौर के इस गाने की चर्चा भी फिर तेज हो गई. करीब 37 साल पहले रिलीज हुआ यह गीत आज भी अपनी सुरीली आवाजों, राजस्थानी रंग और शानदार संगीत की वजह से लोगों के दिलों में जगह बनाए हुए है.

ये भी पढ़ें: 23 साल पुराना गाना जिस पर सभी GEN-Z ने किया है डांस, टीवी की पॉपुलर बहू बन गई थी बॉलीवुड की सुपरस्टार, सुनिधि चौहान की आवाज में बना अमर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dimple Kapadia, Poonam Dhillon, Amrita Singh, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com