मनोज बाजपेयी ने 70 से अधिक फिल्मों में काम किया है. उन्हें चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर पुरस्कार और दो एशिया प्रशांत स्क्रीन पुरस्कार सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं. 2019 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म श्री से सम्मानित किया गया. उनका जन्म बिहार के एक छोटे से गांव हुआ था. वह बचपन से ही एक्टर बनना चाहते थे. सत्रह वर्ष की आयु में वे दिल्ली चले गए और राष्ट्रीय नाट्यशाला में दाखिला लेना चाहा, लेकिन चार बार रिजेक्ट हुए. कॉलेज की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने थिएटर जारी रखा. उन्हें राम गोपाल वर्मा की 1998 की क्राइम ड्रामा फिल्म ' सत्या ' में एक गैंगस्टर की भूमिका से पहचान मिली. बाद में वह कई हिट फिल्मों का हिस्सा बनें.
हाल ही मनोज ने पॉडकास्ट पर अपने बचपन के किस्सों, करियर के संघर्षों, पारिवारिक रिश्तों और अपनी निजी जिंदगी के सफर के बारे में खुलकर बात की. मनोज बाजपेयी इन दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई अपनी फिल्म 'गजब रात' का प्रमोशन कर रहे हैं. मनोज का कहना है कि वे पॉडकास्ट से ऊब चुके हैं. उन्होंने बताया कि वे अपने अतीत और बचपन की कहानियों को बार-बार सुनाकर थक चुके हैं.
अपने बचपन से नफरत करने लगे हैं मनोज
मुंबई में हाल ही में हुए 'इंडियन फिल्म प्रोजेक्ट फेस्टिवल' में मनोज बाजपेयी ने पॉडकास्ट को लेकर अपनी नापसंदगी के बारे में बात की. उन्होंने कहा, "मैं अब पॉडकास्ट में नहीं जाता. मैं अपने बचपन के बारे में बात करके थक चुका हूं. नौबत यहां तक आ गई है कि मुझे अपने बचपन से ही नफरत होने लगी है कि मैं किसी गांव में क्यों पैदा हुआ? मेरा सफर इतना लंबा क्यों रहा?" काश मेरा जन्म भी दिल्ली में हुआ होता, तो मुझे मुंबई तक पहुंचने के लिए बस एक ही सफर करना पड़ता.
मनोज ने किया संघर्ष के दिनों को याद
मनोज ने बताया कि जब मेरा जन्म एक गांव में हुआ, तब मुंबई पहुंचने के लिए मुझे एक बस से दूसरी बस में कूदना पड़ता था. भला ऐसा कौन चाहेगा? लोग इसे एक प्रेरणादायक सफर कहते हैं, लेकिन जब आप खुद इससे गुजर रहे होते हैं. वह भी बिना पैसों के, 5 दिन इस तरह जी कर देखिए जिंदगी जीने का सारा रोमांच गायब हो जाएगा. मनोज बिहार के एक छोटे से गांव के किसान परिवार में पले-बढ़े हैं. बचपन में उन्हें काफी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा. फिल्मों में आने के लिए भी उन्हें काफी लंबा संघर्ष करना पड़ा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं