विज्ञापन

दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की ‘सरदार जी 3’ अब OTT पर रिलीज, जानें कहां देख सकेंगे ये फिल्म

दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की चर्चित फिल्म 'सरदार जी 3' अब OTT पर रिलीज हो चुकी है. जानिए यह फिल्म किस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है और भारत में इसकी रिलीज को लेकर विवाद क्यों हुआ था.

दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की ‘सरदार जी 3’ अब OTT पर रिलीज, जानें कहां देख सकेंगे ये फिल्म
विवादों में घिरी ‘सरदार जी 3’ अब OTT पर

पंजाबी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और सिंगर दिलजीत दोसांझ की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘सरदार जी 3' आखिरकार भारतीय दर्शकों के लिए ओटीटी पर आ गई है. फिल्म में दिलजीत के साथ पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर और नीरू बाजवा भी अहम भूमिकाओं में हैं. अमर हुंदल के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपनी कहानी से ज्यादा रिलीज से पहले हुए विवाद को लेकर चर्चा में रही थी. हानिया आमिर की कास्टिंग के कारण फिल्म को भारत में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना पर असर पड़ा था. हालांकि, विदेशों में इसे जून 2025 में रिलीज किया गया था. अब 9 नवंबर 2026 को फिल्म ने चौपाल पर दस्तक दी है.

क्या है ‘सरदार जी 3' की कहानी?

‘सरदार जी 3' में दिलजीत दोसांझ जग्गी नाम के एक घोस्ट हंटर की भूमिका में हैं. जग्गी का काम भूतों और आत्माओं से जुड़ी रहस्यमयी घटनाओं की जांच करना है. इस काम में उसका साथ देती है पिंकी नाम की एक आत्मा, जो उसकी साथी भी है. कहानी में दोनों ब्रिटेन के एक पुराने और भूतिया महल पहुंचते हैं. यहां उन्हें एक ऐसी आत्मा का सामना करना पड़ता है, जो बहुत जिद्दी है. महल में छिपे रहस्यों की परतें खुलने के साथ ही जग्गी और पिंकी के सामने कई मुश्किलें आती हैं. फिल्म में डर और कॉमेडी को मिलाकर कहानी पेश की गई है. दिलजीत के साथ हानिया आमिर और नीरू बाजवा की मौजूदगी इसे खास बनाती है.

हानिया आमिर की वजह से भारत में क्यों नहीं रिलीज हुई फिल्म?

फिल्म की रिलीज से पहले हानिया आमिर की कास्टिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. दरअसल, हानिया पाकिस्तान की अभिनेत्री हैं और फिल्म में उनकी मौजूदगी को लेकर भारत में विरोध हुआ. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था. इसके बाद पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय मनोरंजन प्रोजेक्ट्स में काम करने को लेकर भी विरोध देखने को मिला. इसी माहौल के बीच ‘सरदार जी 3' की भारत में सिनेमाघरों में रिलीज की योजना आगे नहीं बढ़ सकी. मेकर्स ने भारतीय थिएटर रिलीज से दूरी बनाई और फिल्म को विदेशी बाजारों में रिलीज करने का फैसला किया.

पहले विदेशों में हुई रिलीज, अब चौपाल पर आई फिल्म

‘सरदार जी 3' 27 जून 2025 को विदेशों के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. हालांकि, भारतीय दर्शकों को बड़े पर्दे पर यह फिल्म देखने का मौका नहीं मिला. अब लंबे इंतजार के बाद 9 नवंबर 2026 को इसे भारत में रिलीज किया गया है. इस तरह जो फिल्म अपनी कास्टिंग और भारत में रिलीज न होने के कारण सुर्खियों में रही, वह अब ओटीटी के जरिए भारतीय दर्शकों तक पहुंच गई है.

ये भी पढ़ें: 36 साल पुराना अनुराधा पौडवाल का गाना, जो 90s के मम्मी-पापा का था फेवरेट, रेडियो-टीवी पर खूब रहती थी डिमांड, रूपा गांगुली ने बनाया सुपरहिट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diljit Dosanjh, Hania Aamir, Sardaar Ji 3, Entertainmnet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com