विज्ञापन

डॉक्टर को फ्लैट में बुलाकर एक्ट्रेस अथुल्या चंद्रा ने की लूट और मारपीट, दर्ज हुआ केस

केरल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिसमें एक्ट्रेस अथुल्या चंद्रा को गिरफ्तार किया गया है. मामला एर्नाकुलम के कुरिक्कड़ का है.

डॉक्टर को फ्लैट में बुलाकर एक्ट्रेस अथुल्या चंद्रा ने की लूट और मारपीट, दर्ज हुआ केस
डॉक्टर को फ्लैट में बुलाकर एक्ट्रेस अथुल्या चंद्रा ने की लूट और मारपीट
NDTV

केरल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिसमें एक्ट्रेस अथुल्या चंद्रा को गिरफ्तार किया गया है. मामला एर्नाकुलम के कुरिक्कड़ का है. एक 41 वर्षीय डॉक्टर को आपात इलाज के बहाने फ्लैट में बुलाकर कथित तौर पर मारपीट की गई, उन्हें बंद रखा गया और करीब 3.25 लाख रुपये के सामान लूट लिए गए. इस मामले में फिल्म अथुल्या चंद्रा और एक्टर बिबिन पेरुमपल्ली समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा.

12 लोगों ने दिया घटना को अंजाम

कादवंतरा पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज किया. डॉक्टर एर्नाकुलम के कुरिक्कड़ निवासी हैं. एफआईआर के मुताबिक आरोपियों की संख्या 12 बताई गई है. बिबिन पेरुमपल्ली को पहला आरोपी और अथुल्या चंद्रा को तीसरा आरोपी बताया गया है. बाकी में एक पहचान हो गई है और नौ अज्ञात लोग शामिल हैं.

आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. इनमें गलत तरीके से रोकना, चोट पहुंचाना, गाली-गलौज, धमकी और डकैती जैसे आरोप शामिल हैं.

क्या हुई पूरी घटना

शिकायत के अनुसार यह घटना 2 नवंबर को शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे के बीच हुई. अथुल्या चंद्रा ने डॉक्टर को फोन कर बुलाया कि उनकी एक रिश्तेदार की तबीयत बहुत खराब है और तुरंत इलाज की जरूरत है. डॉक्टर पन्नुरुन्नी, व्यट्टिला स्थित एक अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल के फ्लैट में पहुंचे.

वहां पहुंचने पर उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने उस महिला को नशीली दवा दी और उनसे गलत व्यवहार किया. इसके बाद बिबिन ने डॉक्टर के गाल पर थप्पड़ मारा, उन्हें कुर्सी पर बैठाया और पसलियों में मुक्के मारे. दूसरे आरोपी ने डॉक्टर के दो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और ईयरपॉड्स छीन लिए, जिनकी कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई गई है.

अथुल्या ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. अन्य आरोपियों ने उन्हें कमरे में बंद रखा और मारपीट की. डॉक्टर दो दिन बाद पुलिस के पास पहुंचे. उन्होंने बताया कि शरीर में दर्द बहुत ज्यादा है और जान की धमकी से डर लग रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने गुरुवार सुबह अथुल्या और बिबिन को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि अभी पूरा सच साफ नहीं हुआ है. आरोपी दूसरी कहानी बता रहे हैं. जांच जारी है. पुलिस ने यह भी कहा कि डॉक्टर और आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान थी और घटना योजनाबद्ध लगती है. अपार्टमेंट में बीमार महिला होने के सबूत नहीं मिले हैं. लूटे गए सामान अभी बरामद नहीं हुए हैं.

पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में है और और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. अथुल्या चंद्रा हाल में ‘उयिर' फिल्म में नजर आई थीं. बिबिन पेरुमपल्ली ‘लोकाह' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. जांच अधिकारी ने बताया कि कोई भी संभावना खारिज नहीं की गई है. पूरा मामला जांच के अधीन है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala News, Ernakulam, Malayalam Actor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com