बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर (Anupam Kher) इन दिनों अपना नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' को लेकर सुर्खियों में हैं. देश के कई शहरों में इस शो का मंचन हो रहा है, जिसको दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं. इस शो में अनुपम खेर शानदार एक्टिंग कर रहे हैं. वहीं इस प्ले में दिग्गज सिंगर अनु मलिक ने अपनी आवाज दी है. उन्होंने इस नाटक में गाने गाए हैं. यह एक म्यूजिकल शो भी है. अनु मलिक बॉलीवुड के एक जाने-माने सिंगर हैं और उनको बॉलीवुड में काम करते हुए काफी लंबा समय भी हो गया है. हाल ही में अनु मलिक ने एनडीटीवी से बात करते हुए शो 'जाने पहचाने अनजाने' में अपने गानों को लेकर बात की और काफी राज खोलें.
खड़े होकर स्टैंडिंग ओवेशन
बॉलीवुड सिंगर अनु मलिक ने कहा कि मुझे अचानक अनुपम खेर का कॉल आया और उन्होंने कहा कि मैं 'जाने पहचाने अनजाने' नाम का एक थिएटर प्ले बना रहा हूं. लेकिन समय बहुत कम है और मुझे स्टेज के लिए तीन गाने चाहिए. मैंने उनसे कहा कि अनुपम जी समय तो बहुत कम है, लेकिन मैं सोचता हूं. फिर मैंने 15 मिनट बाद उनको फोन किया और कहा की मैं ये करूंगा. अनुपम जी यह सुनके हैरान हो गए और कहा कि तुम कैसे करोगे? मैंने उनसे कहा कि मैं आपको बहुत मानता हूं, मैं कैसे 'ना' करूंगा. मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं, आप बहुत ही महान कलाकार हैं. उन्होंने मुझे कहानी का आउटलाइन समझाया. मैंने अपने साथी को बुलाया और तीन दिनों के अंदर मैं सारे गाने लेकर अनुपम खेर जी के सामने पहुंच गया.
वह यह देखकर हैरान हो गए. उन्होंने सारे गाने सुने और उन्होंने खड़े होकर मुझे स्टैंडिंग ओवेशन दिया और कहा कि ये हमारे प्ले के गाने हैं. मैंने पहली बार स्टेज पर काम किया है. मैंने पहले कभी स्टेज परफॉर्मेंस के लिए काम नहीं किया. मैंने उन गानों के लिए शान और सुखविंदर को लिया और अनुपम खेर जी ने भी खुद गानों को गया. आज यह प्ले बहुत हिट हो चुका है और इसके गाने भी लोग पसंद कर रहे हैं. हम इस साल सितंबर में इस प्ले को लेकर अमेरिका जा रहे हैं. इस प्ले के सारे शोज हाउसफुल जा रहे हैं.
स्टेज पर 'अनु प्ले म्यूजिकल' का नाम भी लिया गया है, मुझे लगता है कि ऐसा पहली बार हो रहा है. जब प्ले में गाने खत्म होते हैं तो लोग बहुत तालियां बजाते हैं, सीटियां बजती हैं. अनुपम खेर जी ने कमाल का प्ले बनाया है. जब यह प्ले खत्म होता है तो ऑडियंस खड़े होकर तालियां बजाती हैं और सभी का तहे दिल से स्वागत करते हैं. गजेंद्र अहीरे ने इस प्ले को गजब तरीके से डायरेक्ट किया है, अनुपम खेर जी ने इसमें एक्टिंग की है. मैं चाहता हूं कि सभी लोगों को और मेरे फैंस को यह पता चले कि अनु मलिक ने पहली बार स्टेज पर काम किया है.
किशोर कुमार के बारे में ये कहा
सिंगर ने आगे कहा कि मैं किशोर कुमार के माता-पिता को नमन करना चाहता हूं और मैं खंडवा में वो जगह देखना चाहता हूं, जहां किशोर कुमार का जन्म हुआ. उन्होंने पूरी दुनिया में अपना नाम रोशन किया है. वैसे तो हमारे बॉलीवुड में काफी सिंगर थे, जैसे लता मंगेशकर और आशा भोसले जी, जिन्होंने बहुत शानदार तरीके से खुद को साबित किया है. मैं किशोर कुमार का दीवाना हूं और मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है.
उन्होंने कहा, मेरे जैसा कोई 18 साल का लड़का, जिसको वह बहुत प्यार दे रहे हैं और कह रहे हैं कि तू आगे चलकर बहुत नाम कामाएगा. मेरी लता और आशा जी भी बहुत तारीफ करते थीं. आज किशोर कुमार को गए हुए 40 साल हो गए हैं. लोग किशोर कुमार जी की तारीफ करते थे. मैंने तो उनके साथ काम किया है. सिंगर ने आगे कहा कि मेरी एक प्रोजेक्ट को लेकर बात चल रही है, वो फिल्म भोपाल पर बेस्ड एक हस्ती पर आधारित है. अब मैं उस फिल्म में काम करूंगा या नहीं, यह आने वाले समय में पता चलेगा.
यह भी पढ़ें: गोलू गुप्ता के लिए आसान नहीं था मिर्जापुर का सफर, धांय धांय गोलियों और सांय सांय गालियों में यूं बनीं धुरंधर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं