प्राइम वीडियो ने जैक रीचर की कहानी को और आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया है. एलन रिचसन की सुपरहिट एक्शन सीरीज 'रीचर' को आधिकारिक तौर पर छठे सीजन के लिए रिन्यू कर दिया गया है. दिलचस्प इस खबर की टाइमिंग है. यह खबर तब आई है जब पांचवें सीजन की शूटिंग अभी पूरी भी नहीं हुई है. रीजर सीजन 4 की कामयाबी को देखते हुए अमेजन प्राइम वीडियो ने समय ना गंवाते हुए सीरीज को आगे ले जाने का फैसला कर लिया. रीचर सीजन 4 के फिनाले के सिर्फ 12 दिन बाद ही रिन्यूअल को लेकर यह फैसला लिया गया. रीचर सीजन 5 की शूटिंग टोरंटो में चल रही है.
प्राइम वीडियो के रीचर की दुनियाभर में धूम
अगर रीचर सीजन 4 (Reacher Season 4) के आंकड़ों पर नजर डालें तो बात साफ हो जाती है कि क्यों अमेजन प्राइम वीडियो (Amzon Prime Video) ने तुरंत ही इसके अगले सीजन्स को लेकर फैसला ले लिया. रीचर 4 ने पहले 28 दिनों में दुनिया भर में 6.6 करोड़ दर्शक जुटाए. यह किसी भी प्राइम वीडियो ओरिजिनल के टॉप 5 सबसे ज्यादा देखे गए सीजन में शामिल है. 2022 में शुरू हुई पूरी फ्रैंचाइजी अब तक 20 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच चुकी है. 58 प्रतिशत दर्शक अमेरिका के बाहर से हैं, खासकर ब्रिटेन, जर्मनी और ब्राजील से.
अमेजन एमजीएम स्टूडियो के ग्लोबल टेलीविजन प्रमुख पीटर फ्रीडलैंडर ने कहा, 'रीचर को दुनियाभर में खूब प्यार मिलता है. ली चाइल्ड ने जो दुनिया बनाई है और निक संतोरा की टीम ने उसे जो जीवन दिया है, वह शानदार है. एलन रिचसन जैक रीचर हैं. उन्होंने दुनिया भर के दर्शकों को सीजन का फैन बनाया है.'
ली चाइल्ड का कैरेक्टर है रीचर
रीचर सीजन 5 ली चाइल्ड के उपन्यास 'मेक मी' पर आधारित है. ये जैक रीचर सीरीज की 20वीं किताब है. रीचर सीजन 4 'गॉन टुमॉरो' पर बना था. ली चाइल्ड की दो दर्जन से ज्यादा किताबें पहले से मौजूद हैं, इसलिए कहानियों की कमी नहीं है. प्राइम वीडियो के स्क्रिप्टेड शोज में अब 'रीचर' दूसरे सबसे लंबे समय तक चलने वाले शो में शामिल हो गया है. 'बॉश' के बाद यह सबसे लंबा सफर तय करने वाला शो बन रहा है.
अभी तक यह नहीं बताया गया है कि सीजन 6 किस किताब पर आधारित होगा. एलन रिचसन ने 'डाई ट्राइंग' को अपनी पसंदीदा किताब बताया था. सीजन 5 के 2027 में आने की उम्मीद है और उसके बाद सीजन 6 2028 में आ सकता है. अगर दर्शक इसी रफ्तार से शो देखते रहे तो दस सीजन तक पहुंचने की बात सिर्फ मजाक नहीं लगती.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं