कुछ गाने सिर्फ गाने नहीं होते, वो एक एहसास बन जाते हैं. 90s का ये रोमांटिक गाना भी ऐसा ही है, जो पहली धुन के साथ आपको पुराने दौर में पहुंचा देता है. स्क्रीन पर श्रीदेवी की मुस्कान, ऋषि कपूर का रोमांटिक अंदाज और पीछे बजती अलका याग्निक की मीठी आवाज ऐसा माहौल बना देती है कि गाना खत्म होने के बाद भी उंगली खुद-ब-खुद रिपीट बटन पर चली जाती है. यही वजह है कि इतने साल गुजरने के बाद भी ये गाना लोगों की प्लेलिस्ट से गायब नहीं हुआ और आज भी हर उम्र के लोग इसे उतने ही प्यार से सुनते हैं.
कौन सा है वो रोमांटिक गाना
जिस गाने की बात हो रही है, उसके बोल हैं 'मेरे दिल की गलियों में...'. ये फिल्म बंजारन का खूबसूरत रोमांटिक गाना है, जिसे अलका याग्निक और सुरेश वाडेकर ने अपनी आवाज दी थी. इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था. गाने की पहली लाइन सुनते ही 90s का दौर आंखों के सामने घूमने लगता है और इसे पूरा सुने बिना आगे बढ़ने का मन ही नहीं करता.
अलका याग्निक की जादुई आवाज
अलका याग्निक बॉलीवुड की सबसे कामयाब सिंगर्स में गिनी जाती हैं. उन्होंने अपने लंबे करियर में अलग-अलग भारतीय भाषाओं में 20 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं. सिर्फ हिंदी फिल्मों में ही उन्होंने करीब 1000 से ज्यादा फिल्मों के लिए 2486 गाने रिकॉर्ड किए हैं. रोमांटिक गानों में उनकी आवाज का जादू कुछ ऐसा रहा कि आज भी लोग उनके पुराने गाने नई रिलीज से ज्यादा पसंद करते हैं. इस गाने में भी उनकी आवाज ने श्रीदेवी और ऋषि कपूर की केमिस्ट्री को और भी खास बना दिया.
आज भी एवरग्रीन
फिल्म बंजारन में श्रीदेवी और ऋषि कपूर के अलावा प्राण, कुलभूषण खरबंदा, गुलशन ग्रोवर, रजा मुराद और राकेश बेदी भी नजर आए थे. फिल्म के कई गाने उस समय हिट हुए थे, लेकिन ये रोमांटिक ट्रैक अलग पहचान बनाने में कामयाब रहा. सालों बाद भी जब ये गाना बजता है, तो लोग इसे बिना स्किप किए पूरा सुनना पसंद करते हैं. यही बात इसे 90s के सबसे एवरग्रीन रोमांटिक गानों की लिस्ट में खास जगह दिलाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं