‘रामायण' पार्ट-1 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर रिलीज हो रही है. इसकी बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताई जा रही है. निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और निर्माता नमित मल्होत्रा हैं. इस फिल्म से हिंदी सिनेमा के इतिहास में नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है. लेकिन रणबीर कपूर की इस बिग बजट फिल्म को टक्कर देने के लिए अक्षय कुमार अपनी एक फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका बजट सिर्फ 3.74 करोड़ रुपये है.
मोहरा होगी फिर से रिलीज
दरअसल 1994 में आई अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की फिल्म ‘मोहरा' दिवाली पर री-रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस का गणित बदल सकता है. ‘मोहरा' को 6 नवंबर को थिएटर में रिलीज किया जाएगा. फिल्म बनाने वाली कंपनी त्रिमूर्ति फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने रविवार को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की है. ‘मोहरा' को 4K रीमास्टर्ड वर्जन में दिखाया जाएगा. री-रिलीज का काम दीपेंद्र सिंह की रिम्पी फिल्म्स इंटरनेशनल कर रही है.
‘मोहरा' 90 के दशक की लोकप्रिय फिल्मों में गिनी जाती है. इसमें अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, नसीरुद्दीन शाह, परेश रावल और रजा मुराद जैसे कलाकारों ने काम किया था. फिल्म ने उस समय अच्छी कमाई की थी और आज भी इसे क्लासिक माना जाता है. इस फिल्म ने सिनेमाघरों में 22.65 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
अन्य फिल्में भी होंगी रिलीज
त्रिमूर्ति फिल्म्स अपनी अन्य पुरानी फिल्मों को भी दोबारा रिलीज करने की प्लानिंग बना रही है. इनमें विधाता (1982), त्रिदेव (1989), गुप्त (1997) और युद्ध (1985) शामिल हैं. इन फिल्मों को भी बेहतर क्वालिटी में दर्शकों के सामने लाने की तैयारी चल रही है. अब सवाल यह है कि क्या ‘मोहरा' ‘रामायण' के बॉक्स ऑफिस पर कोई असर डाल पाएगी? ‘रामायण' बड़े बजट और स्टारकास्ट के साथ आ रही है, जबकि ‘मोहरा' पुरानी यादों और नॉस्टैल्जिया पर निर्भर करेगी.
यह भी पढ़ें | नवंबर में होगा मनोरंजन का डबल धमाका! 2 हफ्तों के अंतराल पर रिलीज होंगी रामायण और सलमान खान की मातृभूमि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं